केमिकल से नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री का यूपी में भंडाफोड़, कहीं आप भी तो नहीं खा रहे ऐसा पनीर! घर में ऐसे करें जांच

Gaon Connection | Apr 18, 2026, 15:32 IST
Share
मेरठ में खाद्य विभाग की टीम ने नकली पनीर बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। नगला कुंबा गांव में हुई कार्रवाई में करीब 28 कुंतल नकली पनीर जब्त किया गया। दो गोदामों को सील कर दिया गया है। यह नकली पनीर केमिकल और रिफाइंड तेल से तैयार किया जा रहा था। आप घर पर ही नकली पनीर की जांच कर सकते हैं, आइये जानते हैं कैसे।
घर में कर सकते हैं असली और नकली पनीर की जांच
घर में कर सकते हैं असली और नकली पनीर की जांच
मेरठ (उत्तर प्रदेश) में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पनीर बनाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बृहस्पतिवार को जानी थाना क्षेत्र के नगला कुंबा गांव में की गई छापेमारी के दौरान करीब 28 कुंतल नकली पनीर बरामद किया गया, जबकि दो गोदामों को मौके पर ही सील कर दिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। आइये जानते हैं कि आप घर पर अलसी और नकली पनीर की जांच कैसे कर सकते हैं?

कैसे बन रहा था नकली पनीर

जांच में सामने आया है कि गांव निवासी जाबिद और उसका भाई हामिद, जो वकील के पुत्र हैं, लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। आरोप है कि दोनों केमिकल और रिफाइंड तेल की मदद से नकली पनीर तैयार करते थे और उसे मेरठ समेत मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, दिल्ली और उत्तराखंड के कई जिलों में सप्लाई करते थे। हैरानी की बात यह है कि करीब तीन साल पहले भी इनके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद इन्होंने दोबारा यह धंधा शुरू कर दिया।

कैसे जांचे असली और नकली पनीर

नकली पनीर की पहचान करना आज के समय में बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि मिलावटखोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अनुसार घर पर ही कुछ आसान तरीकों से पनीर की शुद्धता की जांच की जा सकती है। सबसे आसान और प्रभावी तरीका आयोडीन टेस्ट है। इसके लिए सबसे पहले पनीर का एक छोटा टुकड़ा लें और उसे हल्के गर्म पानी में डाल दें। कुछ सेकंड बाद उस पर 2–3 बूंद आयोडीन टिंचर डालें। अगर पनीर का रंग नीला या गहरा बैंगनी हो जाता है, तो इसका मतलब है कि उसमें स्टार्च की मिलावट की गई है, जो नकली पनीर का संकेत है। यदि रंग में कोई बदलाव नहीं होता, तो पनीर असली होने की संभावना ज्यादा होती है।

इसके अलावा पनीर को हाथ से मसलकर भी जांचा जा सकता है। असली पनीर नरम और मुलायम होता है और दबाने पर हल्का टूटता है, जबकि नकली पनीर ज्यादा रबर जैसा और सख्त महसूस होता है। अगर पनीर को दबाने पर वह स्प्रिंग की तरह वापस उछलता है या बहुत ज्यादा चिकना और खिंचावदार लगता है, तो उसमें केमिकल या सिंथेटिक पदार्थ मिलाए जाने की आशंका रहती है।

स्वाद और गंध से भी पहचान संभव है। असली पनीर का स्वाद हल्का मीठा और दूध जैसा होता है, जबकि नकली पनीर में केमिकल या बासीपन का स्वाद महसूस हो सकता है। खरीदते समय पनीर का रंग भी ध्यान से देखें—बहुत ज्यादा चमकदार सफेद या एकदम एकसमान रंग वाला पनीर संदिग्ध हो सकता है। बेहतर है कि हमेशा भरोसेमंद दुकानों से ही पनीर खरीदें और शक होने पर इन आसान तरीकों से उसकी जांच जरूर करें, ताकि सेहत पर कोई खतरा न आए।
Tags:
  • FSSAI
  • Fake Paneer
  • Paneer Test
  • Food Adulteration
  • Iodine Test Paneer
  • Paneer Quality Check
  • Meerut Fake Paneer
  • Fake Paneer Factory Busted
  • नकली पनीर
  • पनीर जांच तरीका