यूपी में फिर कोहरा पड़ने के आसार

गाँव कनेक्शन | Feb 06, 2017, 11:18 IST
Share
uttar pradesh
यूपी में फिर कोहरा पड़ने के आसार
लखनऊ (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक कोहरे का असर दिखाई दे सकता है। रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि दर्ज की जा सकती है, जबकि दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।
जेपी गुप्ता, निदेशक, उत्तर प्रदेश मौसम विभाग

गुप्ता के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के उपर साइक्लोनिक स्थति बनी हुई है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से एक बार फिर पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि हवा चलने से मैदानी इलाकों में वायुमंडल की आर्द्रता बढ़ रही है। इससे कोहरा पड़ने की संभावना बढ़ गई है। नौ फरवरी तक सुबह हल्के और मध्यम स्तर का कोहरा पड़ सकता है।

गुप्ता के अनुसार, मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन का तापमान तो पिछले कई दिनों से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना हुआ है, जबकि रात का तापमान गिर रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस नीचे जाने का अनुमान है। अगले तीन चार दिनों तक न्यूनतम तापमान सात से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लखनऊ के अतिरिक्त सोमवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री, कानपुर का 12.2 डिग्री, गोरखपुर का 12 डिग्री, इलाहाबाद का 13 डिग्री और झांसी का 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का रविवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Tags:
  • uttar pradesh
  • lucknow
  • Fog
  • UP meteorological department
  • Met department director JP Gupta