Ganga Expressway Inauguration: गड्ढों वाले यूपी से एक्सप्रेसवे वाले यूपी तक विकास की रफ्तार, किसानों के लिए खुलेगा बड़ा बाजार: पीएम मोदी
Ganga Expressway inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश अब पिछड़े राज्य की छवि से निकलकर तेज विकास वाले राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि नए अवसरों, रोजगार और औद्योगिक विकास का द्वार है।
5 साल से कम समय में तैयार हुआ सबसे बड़ा प्रोजेक्ट
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2021 में शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया गया था और पाँच साल से कम समय में यह परियोजना बनकर तैयार हो गई। उन्होंने इसे यूपी का सबसे लंबा ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेसवे बताया। उन्होंने कहा कि अब इसके विस्तार पर भी काम शुरू हो चुका है और जल्द ही यह मेरठ से आगे हरिद्वार तक पहुंचेगा। साथ ही फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा।
600 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे, करोड़ों लोगों को फायदा
पीएम मोदी ने कहा कि पहले सड़क परियोजनाओं की घोषणा तो होती थी, लेकिन वर्षों तक फाइलें चलती रहती थीं। चुनाव के समय शिलान्यास पत्थर लग जाता था, मगर काम आगे नहीं बढ़ता था। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय में लोकार्पण भी होता है। प्रधानमंत्री ने बताया कि करीब 600 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों को जोड़ेगा। मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे जिलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे करोड़ों लोगों का जीवन आसान होगा और यात्रा का समय कम होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे किसानों के लिए वरदान साबित होगा। पहले किसानों की उपज बड़े बाजारों तक नहीं पहुंच पाती थी, कोल्ड स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स की कमी थी। अब बेहतर सड़क नेटवर्क से किसान कम समय में बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
हरदोई समेत कई जिलों में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे के किनारे हरदोई, शाहजहांपुर, उन्नाव समेत कई जिलों में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। यहाँ फार्मा, टेक्सटाइल, हैंडलूम, लेदर और अन्य सेक्टर के क्लस्टर बनेंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के दो डिफेंस कॉरिडोर में से एक उत्तर प्रदेश में है। यहां ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें बन रही हैं और रक्षा उद्योग से जुड़े छोटे उद्योगों को भी बड़ा फायदा मिल रहा है।
छोटे उद्योगों को मिलेगा फायदा
पीएम मोदी ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, संभल का हैंडीक्राफ्ट, बुलंदशहर का सिरेमिक, हरदोई का हैंडलूम, उन्नाव का लेदर और प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचेंगे। इससे लाखों परिवारों की आमदनी बढ़ेगी।
यूपी अब 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की ओर
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की बड़ी युवा आबादी और संसाधनों का उपयोग मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में किया जा रहा है। नए उद्योगों और निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है और इसमें उत्तर प्रदेश का बड़ा योगदान है। देश में बनने वाले आधे मोबाइल यूपी में तैयार हो रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि हाल ही में नोएडा में सेमीकंडक्टर प्लांट का शिलान्यास किया गया है, जिससे भविष्य में बड़े अवसर पैदा होंगे।
गड्ढों वाले यूपी से एक्सप्रेसवे वाले यूपी तक
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय यूपी की पहचान खराब सड़कों और गड्ढों से होती थी, लेकिन आज यही राज्य देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब 21 एयरपोर्ट और 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो चुका है और गंगा एक्सप्रेसवे से उसकी दूरी कुछ घंटों की रह जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास का नया अध्याय है। इससे उद्योग, रोजगार, कृषि, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी और यूपी देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा।