Greenpark Stadium में यूपी टी-20 मैच कराना हुआ सस्ता, यूपी कैबिनेट ने संशोधन को दी मंजूरी, जानिए क्या है नया शुल्क?

Gaon Connection | Mar 11, 2026, 11:28 IST
Share
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए नई शुल्क व्यवस्था लागू की गई है। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के लिए प्रति मैच 2.50 लाख रुपये शुल्क तय किया गया है। वहीं, दूसरे दर्जे के अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए 5 लाख रुपये प्रति मैच शुल्क होगा।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए नया शुल्क तय
ग्रीनपार्क स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए नया शुल्क तय
उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर के ऐतिहासिक Green Park Stadium में आयोजित होने वाले क्रिकेट मैचों के लिए शुल्क व्यवस्था को स्पष्ट और व्यवस्थित बनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में Uttar Pradesh Cricket Association को ग्रीनपार्क स्टेडियम देने के संबंध में हुए अनुज्ञा-अनुबंध में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

दरअसल वर्ष 2015 में जारी शासनादेश के तहत ग्रीनपार्क स्टेडियम का आवंटन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को किया गया था। उस समय तय की गई शर्तों में कुछ आयोजनों जैसे प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत होने वाली उत्तर प्रदेश टी-20 लीग और दूसरे दर्जे के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच (जैसे भारत ‘ए’ बनाम ऑस्ट्रेलिया ‘ए’) के लिए अलग से शुल्क निर्धारित नहीं किया गया था।

सरकार का कहना है कि ऐसे आयोजनों को व्यवहारिक और आकर्षक बनाने के साथ-साथ राज्य को राजस्व भी मिल सके, इसके लिए शुल्क तय करना जरूरी था। इसी उद्देश्य से शासन ने कानपुर मंडल के आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर मंत्रिपरिषद ने यह निर्णय लिया है।

यूपी टी-20 लीग के लिए 2.50 लाख रुपये प्रति मैच शुल्क

कैबिनेट के फैसले के अनुसार प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के लिए प्रति मैच प्रतिदिन 2.50 लाख रुपये शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क अन्य आयोजनों के लिए तय 25 लाख रुपये के मुकाबले करीब 90 प्रतिशत कम रखा गया है। सरकार का मानना है कि इतनी छूट देने से इस तरह के टूर्नामेंट आयोजित करना आसान होगा और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। इसके अलावा दूसरे दर्जे के अंतरराष्ट्रीय मैचों, जैसे भारत ‘ए’ और अन्य देशों की ‘ए’ टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों के लिए प्रति मैच प्रतिदिन 5 लाख रुपये शुल्क तय किया गया है। इससे पहले इन मैचों के लिए कोई स्पष्ट शुल्क निर्धारित नहीं था।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक इन शुल्कों में हर पाँच साल की अवधि पूरी होने पर 25 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार को यह अधिकार भी रहेगा कि वह समय-समय पर या किसी विशेष प्रस्ताव के आधार पर इस शुल्क व्यवस्था या दी गई छूट की समीक्षा कर सके। राज्य सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा देना है। ऐसे टूर्नामेंट और मैच आयोजित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और प्रदेश में खेल का माहौल मजबूत होगा।

स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी फायदा

सरकार के मुताबिक बड़े क्रिकेट मैचों और टूर्नामेंट के आयोजन से होटल, परिवहन, खानपान और अन्य सेवाओं से जुड़े स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलते हैं। साथ ही शुल्क व्यवस्था स्पष्ट होने से आयोजन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और राज्य सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
Tags:
  • Green Park Stadium match fees
  • ग्रीनपार्क स्टेडियम मैच फीस
  • UP T20 League fees
  • यूपी टी-20 लीग शुल्क
  • International 'A' match fees