Aaj Ka Mausam 25 March 2026: IMD ने जारी किया अलर्ट, कई राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि का खतरा, जानें कब बदलेगा मौसम
Gaon Connection | Mar 25, 2026, 09:22 IST
Weather Update Today: मार्च में पूरे देश में मौसम में तेजी से बदल रहा है। आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट कई राज्यों में जारी किया गया है। मौसम विभाग ने उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्सों में मौसम के खराब रहने की आशंका बताई गई है।
आज का मौसम, कहीं आंधी-कहीं बारिश
IMD Weather Alert: देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। IMD ने कई राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में मौसम में बदलाव दिखता रहेगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, कश्मीर और पूर्वी भारत के राज्यों में इसका असर दिखेगा। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी दिल्ली में 26 मार्च से मौसम बदलेगा। आसमान में बादल छाएंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे धूलभरी आंधी भी आ सकती है। तापमान में गिरावट आएगी, अधिकतम 32 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
उत्तर प्रदेश में भी 26 मार्च के बाद मौसम बदलेगा। पश्चिमी यूपी में तेज आंधी और बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। आगरा, प्रयागराज, झांसी और वाराणसी जैसे जिलों में बिजली गिरने का खतरा है, इसलिए किसानों को खास ध्यान रखना होगा।
बिहार में 27 और 28 मार्च को मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।
पंजाब में 26 से 30 मार्च के बीच मौसम अस्थिर रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है। इससे गेहूं की तैयार फसल पर सीधा असर पड़ सकता है। तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हरियाणा में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। 26 से 28 मार्च के बीच कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश और ओले गिरने की संभावना है, जिससे तापमान गिरेगा।
राजस्थान में 28 मार्च से मौसम ज्यादा सक्रिय होगा। पश्चिमी और उत्तरी जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों को नुकसान हो सकता है।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में 26 मार्च से बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में पहले से जारी बर्फबारी तेज हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
कश्मीर घाटी में लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। आने वाले दिनों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि से मौसम और खराब हो सकता है।
पूर्वी भारत में भी अलर्ट है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में 27-28 मार्च को तेज हवाएं (70 किमी/घंटा तक), बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी है। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम के इस बदलाव से गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन किसानों के लिए यह समय मुश्किल हो सकता है। विशेषज्ञों की सलाह है कि किसान फसलों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएं, कटाई से पहले मौसम की जानकारी लें और भंडारण को सुरक्षित रखें। आम लोगों को खराब मौसम में घर के अंदर रहने और बिजली व तेज हवाओं से बचाव करने की सलाह दी गई है।