केजरीवाल को फिर से जनादेश हासिल करना चाहिए: BJP

गाँव कनेक्शन | Sept 16, 2016, 16:31 IST
Share
India
केजरीवाल को फिर से जनादेश हासिल करना चाहिए: BJP
नई दिल्ली (भाषा)। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा आप सरकार के कई आदेशों को ‘गैरकानूनी' करार दिए जाने और उप राज्यपाल को शहर का प्रशासनिक प्रमुख बताने के बाद BJP ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नया जनादेश हासिल करना चाहिए क्योंकि वह पद पर बने रहने का ‘नैतिक अधिकार' खो चुके हैं।


केजरीवाल के विपश्यना पर जाने को लेकर कटाक्ष करते हुए BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि वह जानबूझकर गए क्योंकि उनको पता था कि फैसला आने वाला है और अदालत उनके ‘गैरकानूनी एवं असंवैधानिक' कदमों के खिलाफ निर्णय सुनाने वाली है।

पात्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप के चेहरे पर कानूनी व्यवस्था से तमाचा लगा है। वह दिल्ली के लोगों को गुमराह करती आ रही थी और नाटक कर रही थी कि केंद्र उनको काम नहीं करने दे रहा है। वे बहुत चतुर लोग हैं। केजरीवाल जानते थे कि आज फैसला आने वाला है और वह विपश्यना के नाम पर छिप गए।''

उन्होंने कहा, ‘‘सत्ता की पूजा करने वाला और सरेआम सभी मुद्दों पर बोलने वाला व्यक्ति विपश्यना के नाम पर दूर भाग रहा है। सबकुछ जानते हुए भी उन्होंने गैरकानूनी और असंवैधानिक निर्णय लिए। उनको जनता का सामना करना चाहिए। इस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।''

Tags:
  • India