Gold Silver Price: चांदी की कीमत ₹2,000 टूटी, सोना भी हुआ सस्ता, जानें लेटेस्ट रेट

Gaon Connection | Apr 07, 2026, 19:28 IST
Share
अंतरराष्ट्रीय तनाव और निवेशकों की सतर्कता के कारण सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई समयसीमा और संभावित सैन्य कार्रवाई की चेतावनी से बाजार में अस्थिरता बढ़ी। चांदी की कीमत ₹2,000 घटकर ₹2,40,000 प्रति किलोग्राम और सोना ₹600 टूटकर ₹1,53,200 प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
सोने-चांदी की कीमत गिरावट
सोने-चांदी की कीमत गिरावट
अंतरराष्ट्रीय तनाव और निवेशकों की सतर्कता के बीच मंगलवार (7 अप्रैल) को सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड द्वारा ईरान को दी गई समयसीमा और संभावित सैन्य कार्रवाई की चेतावनी के चलते बाजार में अस्थिरता बढ़ी, जिसका असर कीमती धातुओं की कीमतों पर भी देखने को मिला।

चांदी की कीमत में गिरावट

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी की कीमत ₹2,000 घटकर ₹2,40,000 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जो पिछले कारोबारी सत्र में ₹2,42,000 प्रति किलोग्राम थी। वहीं, सोना (99.9% शुद्धता) ₹600 टूटकर ₹1,53,200 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि सोमवार को इसका बंद भाव ₹1,53,800 प्रति 10 ग्राम था।

क्या बोले एक्सपर्ट

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, ट्रंप द्वारा ईरान को होरमुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के लिए अल्टीमेटम दिए जाने और बिजली संयंत्रों सहित नागरिक ढांचे पर हमले की चेतावनी के बाद निवेशकों में चिंता बढ़ी है। इस वजह से बुलियन मार्केट पर दबाव देखने को मिला हालांकि, ईरान ने इस चेतावनी को खारिज करते हुए पश्चिम एशिया में ऊर्जा ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं, जिससे भू-राजनीतिक तनाव और गहरा गया है।

वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड मामूली बढ़त के साथ 4,659.16 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी करीब 1% गिरकर 72.14 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। यह संकेत देता है कि विदेशी बाजारों में निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं।

ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी

इसी बीच, ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में चेतावनी दी कि यदि ईरान समझौता नहीं करता तो “पूरी सभ्यता खतरे में पड़ सकती है”, जिससे संभावित सैन्य टकराव की आशंका और बढ़ गई है। इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ा है। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 3.08% उछलकर 115.87 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1% बढ़कर 110.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

आगे का हाल

विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम एशिया के हालात, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिका के आगामी आर्थिक आंकड़ों के चलते आने वाले दिनों में सोना-चांदी बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है।
Tags:
  • gold price today
  • silver price India
  • bullion market India
  • gold rate fall
  • silver price drop सोने का भाव आज
  • चांदी का रेट भारत
  • सर्राफा बाजार
  • सोने की कीमत गिरावट
  • चांदी सस्ती