0

सोनभद्र गोलीकांड: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर साधा निशाना

गाँव कनेक्शन | Jul 22, 2019, 06:00 IST
#Sonbhadra
लखनऊ। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोनभद्र गोलीकांड मामले सत्तारूढ़ बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए सोनभद्र जाने की अनुमति नहीं दी लेकिन इसी बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के भाटपारा क्षेत्र का दौरा उस समय किया था जब वहां निषेधाज्ञा लागू थी।

इस सप्ताह भूमि विवाद को लेकर सोनभद्र में 10 लोगों की हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों से मिलने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहुंचने वाली थीं। लेकिन उन्हें मिर्जापुर में ही हिरासत में ले लिया गया था। इसके बाद प्रियंका गांधी ने स्थानीय जिला प्रशासन के खिलाफ आधी रात तक धरना दिया था।

ममता बनर्जी ने कहा, "मैं प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने घटना की निंदा करती हूं। जो भी हुआ वह गलत है। दलितों पर अत्याचार होने की घटनाएं हुई हैं और अगर कोई इसके खिलाफ आवाज उठा रहा है, तो उन्हें ऐसा करने की अनुमति दी जानी चाहिए।"

उन्होंने कहा कि बीजेपी के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को सीआरपीसी की धारा 144 लागू होने के बावजूद भाटपारा जाने दिया गया था। लेकिन पार्टी ने प्रशासन की सलाह पर कोई ध्यान नहीं दिया और कानून का उल्लंघन करते हुए 50 वाहनों के साथ वहां गए।

बनर्जी ने कहा, "प्रियंका ने क्या किया कि वह चार लोगों को अपने साथ ले गई थीं और मुझे लगता है कि तीन या चार लोगों को हमेशा अनुमति दी जानी चाहिए। हमने भाटपारा में ऐसा ही किया था। हम लोगों को रोकते नहीं हैं लेकिन वे (बीजेपी) ऐसा करते हैं और फिर हमारे बारे में झूठ फैलाते हैं।"

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब बताते हुए बनर्जी ने कहा, "मुझे बताया गया है कि 1,100 से अधिक मुठभेड़ उत्तर प्रदेश में हुई हैं और हर रोज पीट पीटकर मार डालने की घटनाएं होती हैं। इन पर गौर किया जाना चाहिए। यूपी में जो कुछ भी हो रहा है, वह सही नहीं है।

Tags:
  • Sonbhadra
  • mamtabanerjee
  • priyanka gandhi
  • story

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.