Weather Alert: बढ़ी गर्मी, कई राज्यों में हीटवेव का खतरा, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

Gaon Connection | Mar 11, 2026, 10:28 IST
Share
मार्च में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी बढ़ गई है। राजस्थान और गुजरात में लू जैसे हालात बन रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। दिल्ली में अगले चार दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मार्च में लू चलने का अलर्ट
मार्च में लू चलने का अलर्ट
मार्च का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है, लेकिन देश के कई हिस्सों में गर्मी ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुँच गया है। राजधानी दिल्ली में दिन का तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है। वहीं राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में लू जैसे हालात बनने लगे हैं, जिसके चलते मौसम विभाग ने हीटवेव की चेतावनी भी जारी की है।

हालांकि दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊँचाई वाले इलाकों में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। दिल्ली में अगले चार दिनों तक मौसम लगभग ऐसा ही बना रहने का अनुमान है। सुबह और रात में हल्की ठंडक रहेगी, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 11 से 15 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में 11 और 12 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कई राज्यों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 11 से 16 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 14 मार्च और पूर्वी राजस्थान में 14 से 15 मार्च के बीच बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं।

इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ इलाकों में अलग-अलग दिनों में आँधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

राजस्थान और गुजरात में बढ़ी गर्मी

पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। गुजरात के तटीय क्षेत्रों में 11 से 13 मार्च के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

राजस्थान में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झुंझुनू के पिलानी में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। चित्तौड़गढ़, चूरू, बीकानेर और सीकर के फतेहपुर में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि जयपुर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 मार्च के बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

कश्मीर में बारिश से सूखे से मिली राहत

जम्मू-कश्मीर में लंबे समय से जारी सूखे के बीच हाल ही में हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। श्रीनगर सहित कई इलाकों में मंगलवार सुबह तक बारिश दर्ज की गई।

दरअसल दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच जम्मू-कश्मीर में सामान्य से करीब 65 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। इस दौरान केवल 100.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि आमतौर पर इस अवधि में लगभग 284.9 मिमी बारिश होती है। ऐसे में हालिया बारिश से जल स्रोतों और खेती को कुछ राहत मिलने की संभावना है।

किसानों के लिए कृषि सलाह

रबी फसलों की सिंचाई पर ध्यान दें- गर्मी बढ़ने से गेहूं, चना और सरसों जैसी रबी फसलों में नमी की कमी हो सकती है। ऐसे में किसान जरूरत के अनुसार हल्की सिंचाई करें। हीटवेव वाले क्षेत्रों में मिट्टी की नमी बनाए रखें

राजस्थान और गुजरात जैसे इलाकों में तापमान अधिक रहने की संभावना है। किसान खेतों में मल्चिंग या हल्की सिंचाई करके मिट्टी की नमी बनाए रखें।

आंधी-बारिश से पहले करें तैयारी

जहाँ आँधी और बारिश की संभावना है, वहां खड़ी फसलों और सब्जियों को सहारा (स्टेकिंग) दें और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखें।बागवानी फसलों की निगरानी जरूरी आम और सब्जियों जैसी बागवानी फसलों में तापमान बढ़ने से कीट और रोग बढ़ सकते हैं, इसलिए नियमित रूप से खेत की निगरानी करें।

पशुओं का भी रखें ध्यान

गर्मी बढ़ने के साथ पशुओं के लिए पर्याप्त पानी और छाया की व्यवस्था करना जरूरी है, ताकि उन्हें गर्मी से बचाया जा सके।
Tags:
  • Heatwave Alert
  • हीटवेव अलर्ट
  • March Weather
  • मार्च का मौसम
  • Rainfall in Mountains
  • imd weather update
  • North India weather alert
  • rain alert in south india
  • heat wave in north india