NHAI: गाड़ी में नहीं है FASTag तो 10 अप्रैल से सफर होगा महंगा, UPI पेमेंट पर देना होगा 1.25 गुना ज़्यादा टोल, जानिए डिटेल
Gaon Connection | Apr 07, 2026, 16:56 IST
यदि आप हाईवे पर सफर करते हैं, तो आपके लिए एक नई जानकारी है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने 10 अप्रैल 2026 से टोल प्लाजा पर नकद लेनदेन बंद करने का फैसला किया है। अब टोल का भुगतान केवल फास्टैग या यूपीआई के माध्यम से ही किया जा सकेगा।
टोल प्लाजा पर कैश खत्म
देशभर में हाईवे पर सफर करने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 10 अप्रैल 2026 से टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अब टोल टैक्स का भुगतान केवल FASTag या UPI के ज़रिए ही किया जा सकेगा। इस कदम का मकसद टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करना और ट्रैफिक को सुचारू बनाना है।
NHAI के अनुसार, टोल भुगतान के लिए FASTag को प्राथमिक माध्यम बनाया गया है, जबकि जिन वाहनों में FASTag नहीं होगा, वे UPI के जरिए भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, बिना FASTag वाले वाहन चालकों को 25% अधिक टोल शुल्क देना होगा। यदि कोई वाहन चालक FASTag और UPI दोनों से भुगतान करने से इनकार करता है, तो टोल प्रबंधन को उसे प्रवेश देने से मना करने का अधिकार होगा। साथ ही, ऐसे मामलों में ई-नोटिस जारी किया जा सकता है और तीन दिन तक भुगतान न करने पर जुर्माना दोगुना हो सकता है।
इस नए नियम के तहत निजी वाहनों के लिए सरकारी पहचान पत्र दिखाकर टोल छूट लेने की व्यवस्था भी समाप्त कर दी गई है। अब केवल वही वाहन बिना टोल भुगतान के गुजर सकेंगे, जिनके पास आधिकारिक रूप से जारी Exempted FASTag होगा। इससे टोल प्लाजा पर होने वाले विवादों में कमी आने की उम्मीद है।
इस बदलाव के साथ FASTag Annual Pass की अहमियत भी बढ़ गई है। निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए इस पास की कीमत ₹3,075 रखी गई है, जिसमें एक साल या 200 टोल क्रॉसिंग (जो पहले हो) तक वैधता मिलती है। यह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो नियमित रूप से हाईवे पर यात्रा करते हैं।
वाहन चालक FASTag Annual Pass के लिए Rajmarg Yatra App, NHAI और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए FASTag से लिंक्ड अकाउंट में लॉगिन करना होगा, वाहन की जानकारी और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और फिर UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भुगतान करना होगा। भुगतान के बाद पास अपने आप FASTag से लिंक हो जाता है और आमतौर पर 24 घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है।