मौसम का मिजाज बदला; यूपी-राजस्थान में चढ़ेगा पारा, 40°C के पार जा सकता है तापमान

Gaon Connection | Apr 13, 2026, 11:52 IST
Share
उत्तर भारत में 12 अप्रैल से मौसम बदल रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के खत्म होने से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गर्मी बढ़ गई है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने और पानी पीने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी।
उत्तर भारत में एक बार फिर गर्मी ने जोर पकड़ लिया है
उत्तर भारत में एक बार फिर गर्मी ने जोर पकड़ लिया है
उत्तर भारत में 12 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले 15 दिनों से सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण तापमान में राहत बनी हुई थी, लेकिन अब इसके खत्म होते ही उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक 12 अप्रैल से ही तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और आने वाले दिनों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

राजस्थान का हाल

राजस्थान में 12 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर थम गया है और मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है। राज्य के कई जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कहा, “अगले 4-5 दिनों तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और पश्चिमी जिलों में पारा 40°C के पार जा सकता है, हालांकि फिलहाल हीटवेव की संभावना नहीं है।” बाड़मेर में 39.4°C तापमान दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

वहीं उत्तर प्रदेश में भी 12 अप्रैल से गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से तेज धूप निकल रही है और दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में तापमान 40°C के करीब पहुंच गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया, “अगले दो सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और बारिश के कोई आसार नहीं हैं। हवा का रुख बदलने से नमी घटेगी, जिससे दिन और रात के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।”

मौसम विभाग के मुताबिक 12 अप्रैल के बाद 14 और 15 अप्रैल को भी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक तीव्र हो सकती है।
Tags:
  • North India Weather
  • उत्तर भारत मौसम
  • Heatwave Alert
  • गर्मी का अलर्ट
  • Uttar Pradesh Weather
  • heatwave north india
  • up rajasthan weather update
  • imd heat alert april
  • temperature 40 degree india