जंगली जानवरों के हमले से जान-माल, फसल या संपत्ति की क्षति पर इस राज्य में मिलता है ₹10 लाख तक मुआवजा, इस नंबर पर करना होगा संपर्क
Gaon Connection | Apr 11, 2026, 14:41 IST
जंगली जानवरों के हमलों से अब घबराने की जरूरत नहीं है। बिहार सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए मुआवजा और सहायता राशि का प्रावधान किया है। फसल नुकसान पर प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये तक का मुआवजा मिलेगा। जान जाने पर 10 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी। पालतू पशुओं और मकानों को हुए नुकसान का भी भुगतान होगा।
जंगली जानवरों के हमलों से क्षति पर बिहार सरकार देती है मुआवजा
जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों के हमले और फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसान और ग्रामीण परेशान हैं। हालांकि अब घबराने की जरूरत नहीं है। बिहार सरकार ने ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए मुआवजा और सहायता राशि का स्पष्ट प्रावधान किया है, जिसके तहत प्रभावित लोगों को आर्थिक राहत दी जा रही है। सरकार की इस योजना का उद्देश्य किसानों और ग्रामीणों को नुकसान की भरपाई कर राहत पहुंचाना है।
बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के नए प्रावधानों के तहत अब फसल क्षति को भी मुआवजे के दायरे में शामिल कर लिया गया है। इसके अनुसार, फसल खराब होने पर प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा। अगर किसी किसान की 0.5 हेक्टेयर फसल नष्ट होती है, तो उसे 25,000 रुपये मिलेंगे। पहले फसल नुकसान पर मुआवजा नहीं मिलता था, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता था।
जंगली जानवरों के हमले में मौत होने या स्थायी अक्षमता पर अब 10 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाता है, जो पहले 5 लाख रुपये था। गंभीर रूप से घायल होने पर 1.44 लाख रुपये और मामूली चोट लगने पर 24 हजार रुपये की सहायता राशि तय की गई है। इसके अलावा, पालतू पशु और मकान को हुए नुकसान का भी भुगतान नियमों के अनुसार किया जाएगा।
मुआवजा पाने के लिए किसानों को सबसे पहले अपने गांव के मुखिया को शिकायत देनी होगी। इसके बाद कृषि पदाधिकारी के पास जमीन के कागजात के साथ आवेदन करना होगा। संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद मुआवजा राशि सीधे जमीन मालिक के खाते में भेजी जाएगी। हालांकि बटाईदारों को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बनती है।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के बताया है कि जंगली जानवरों द्वारा जान-माल, फसल या संपत्ति की क्षति होने पर बिहार सरकार द्वारा उचित सहायता राशि एवं मुआवजे का प्रावधान है। ऐसी किसी भी विपरीत परिस्थिति में धैर्य रखें और सहायता के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से संपर्क करें। अधिक जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-345-7252 पर संपर्क करें।
फसल नुकसान पर बड़ा मुआवजा
जान-माल के नुकसान पर कितनी सहायता
कैसे करें आवेदन
कहां करें संपर्क
वन्यजीव प्राणियों से जान-माल, फसल या संपत्ति की क्षति होने पर उचित सहायता राशि का प्रावधान है।
किसी भी विपरीत परिस्थिति के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-345-7252 पर सम्पर्क करें।@MLCBJPPramod @IPRDBihar @moefcc#BiharGovernment… pic.twitter.com/X3rsxGkc9F
— Department of Environment, Forest & Climate Change (@DEFCCOfficial) April 1, 2026