7500 गौ आश्रय स्थलों पर गोबर से बड़े पैमाने पर बनेगी जैविक खाद|
उत्तर प्रदेश में किसानों को अब डीएपी और यूरिया के साथ जैविक खाद का भी बड़ा विकल्प मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योगी सरकार प्रदेश के करीब 7500 गौ आश्रय स्थलों पर गोबर से बड़े पैमाने पर जैविक खाद तैयार कराएगी। इस खाद को किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। सरकार की योजना के तहत तैयार जैविक खाद को 50 किलो के पैकेट में किसानों तक पहुंचाया जाएगा। खाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों और संबंधित एजेंसियों के जरिए इसकी टेस्टिंग और खरीद की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही गोबर आधारित खाद निर्माण के लिए युवाओं, पशुपालकों और स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण देकर रोजगार से भी जोड़ा जाएगा।
