रायपुर: कभी पर्यटकों की भीड़ लगी रहती थी, अब दिन भर में एक-दो लोग आते हैं

Jinendra Parakh | Jul 23, 2020, 13:44 IST
लॉकडाउन में कई महीनों तक घर बैठने के बाद रायपुर के महादेव घाट के नाविक एक बार फिर वापस काम पर लौटने लगे हैं, लेकिन उन्हें ये भी डर है कि कब तक उन्हें काम मिलता रहेगा।
#raipur
रायपुर (छत्तीसगढ़)। कुछ महीने पहले तक महादेव घाट पर पर्यटकों को नदी की सैर कराने वाले नाविकों के पास काम की कोई कमी नहीं थी, किसी पर्व-त्यौहार पर तो लोगों की भीड़ लग जाती, लेकिन लॉकडाउन के बाद से इनका काम पूरी तरह से ठप पड़ गया था, लेकिन अनलॉक के बाद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एक बार फिर नाव चलाने लगे हैं।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महादेव घाट एक धार्मिक व पर्यटन स्थल है, खारुन नदी के तट पर बने महादेव घाट में हर साल लाखों की संख्या में भक्त और पर्यटक आते थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण अब मानों ज़िन्दगी थम सी गई थी, शुरू के चार महीने पूर्ण रूप से नाविकों का काम बंद था लेकिन अब धीरे धीरे सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन करते हुए नाविक अपनी नाव को लेकर एक बार फिर से नदी में उतरे हैं। पहले की तरह ग्राहक तो नहीं मिलते लेकिन थोड़ा बहुत काम शुरू हुआ है।

347548-naavik
347548-naavik

कई महीने बाद खारुन नदी में नाव लेकर उतरे नाविक अशोक बताते हैं, "लॉकडाउन के कारण चार महीने नाव चलाना बंद था, जिसके कारण सभी नाविकों को बहुत घाटा हुआ है। रायपुर का महादेवघाट एक आध्यात्मिक के साथ साथ पर्यटन स्थल भी है लेकिन कोरोना के चलते अब न तो लोग मंदिर पहले की तरह आते हैं और न ही घूमने आते हैं। इस घाट में कुल 35 नाविक हैं और नाव का काम बंद होने के कारण आजीविका चलाने के लिए मछली पकड़ने का काम करने लगे थे।"

वो आगे कहते हैं, "अच्छी बात यह है कि सावन की वजह से अब कुछ पर्यटक और श्रद्धालु आने लगे हैं, बचपन से इसी घाट के पास नाव चलाता आ रहा हूं और मेरे दादा-परदादा भी नाविक थे लेकिन ऐसी बीमारी और इतना भयावह संकट न तो कभी सुना और न कभी देखा। चार महीने बहुत चुनौतियों का सामना किया है। कोई काम नहीं था। दिन भर घर में बैठे रहते थे। शाम को मछली पकड़ने के लिए निकलते थे लेकिन नदी में एक किलो मछली मिल गई तो भी बड़ी बात है। बहते पानी में मछली मिलने की सम्भावना कम होती है।"

गोताखोर समिति के अध्यक्ष लोकनाथ धीवर की भी स्थिति भी कुछ ऐसी ही। दिन भर नदी किनारे नाव लगाए बैठने पर कभी कोई मिल जाता है। वो कहते हैं, "लॉकडाउन के कारण रोजगार और पर्यटन का काम कम हो गया है लेकिन अब अनलॉक होने के बाद सोशल डिस्टेन्सिंग और सैनिटाइज़र का उपयोग करते हुए हम फिर से नाव चलना शुरू किये हैं। लॉक डाउन के कारण कोई भी घूमने नहीं आता था लेकिन अब कुछ लोग आने लगे हैं। हम पहले 8 लोग को बैठाते थे, लेकिन अब एक नाव में 2 -4 लोग को ही बैठाते हैं। सावन के सोमवार के अवसर पर लोग भोले बाबा का दर्शन करने आते हैं तो थोड़ा बहुत काम मिल जाता है।"

लेकिन नाविकों को लग रहा है कि अगर ऐसी ही कोरोना बढ़ता रहा तो कब तक वो नदी में नाव चला पाएंगे।

Tags:
  • raipur
  • Chhattisgarh
  • unlock
  • lockdown story
  • coronafootprint
  • video

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.