मैच हारना आसान नहीं होता, टीम के प्रदर्शन में सुधार की आवश्यकता : विराट कोहली

Sanjay Srivastava | Apr 28, 2017, 13:16 IST
Share
विराट कोहली
मैच हारना आसान नहीं होता
बेंगलुरु (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली का कहना है कि किसी भी मैच को हारना आसान नहीं होता। टीम के प्रदर्शन में सुधार करने की आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुरुवार रात खेले गए मैच में गुजरात लायंस ने बेंगलोर को सात विकेट से मात दी। कोहली की बेंगलोर टीम इस सत्र में खराब फॉर्म से जूझ रही है। खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी लेनी होगी।

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में बेंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के सामने अपने सभी विकेट खोकर 135 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे सुरेश रैना की कप्तानी में गुजरात ने केवल तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

कोहली ने कहा, "किसी भी मैच में हारना आसान नहीं होता। हमें अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। आप मैदान पर उतरकर किसी आशय के साथ खेलते हैं। हमने अपनी बल्लेबाजी के साथ कुछ ऐसा करने की ही कोशिश की।"

बेंगलोर के कप्तान ने कहा, "इस नकारात्मक प्रभाव से निकलने का केवल एक ही तरीका है कि हम सकारात्मक रूप से क्रिकेट खेलें। हम टीम पर अधिक दबाव डाल रहे हैं। खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी लेने की जरूरत है। दोनों पारियों में विकेट पर गेंदबाजी एक-समान ही हुई। एरॉन फिंच ने गुजरात के लिए शानदार पारी खेली। ऐसे लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी है कि एक खिलाड़ी अच्छी लय में बल्लेबाजी करे।"