आम बजट में वित्त मंत्री अरूण जेटली खेल पर मेहरबान, खेल बजट को 351 करोड़ रुपए बढ़ाया
Sanjay Srivastava 2 Feb 2017 1:23 PM GMT

नई दिल्ली (आईएएनएस)| वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आम बजट 2017 पेश करते हुए युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के बजट में 351 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की। खेल बजट को बढ़ाकर 1943.21 करोड़ रुपए कर दिया गया है। 2016-17 में खेल के लिए सरकार ने 1,592 करोड़ रुपए आवंटित किए थे।
'खेलो इंडिया' योजना का बजट बढ़ाकर 350 करोड़ रुपए कर दिया गया है। पिछले साल इस योजना के लिए 140 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बजट में 122 करोड़ का इजाफा किया है। इसके लिए सरकार 321.8 करोड़ रुपए देगी।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) को खेल बजट में सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। सरकार ने साई को 481 करोड़ रुपए दिए हैं। पिछले साल इसके लिए सरकार ने 416 करोड़ रुपए आवंटित किए थे।
जम्मू एवं कश्मीर के खेल बजट में बढ़ोतरी नहीं
जम्मू एवं कश्मीर के खेल बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उसके लिए 75 करोड़ रुपए की पुरानी राशि को ही बरकरार रखा गया है। राष्ट्रीय सेवा योजना को अब 144 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले इसके लिए 137.50 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे।
राष्ट्रीय खेल महासंघ का बजट बढ़कर 302.18 करोड़ रुपए हुआ
राष्ट्रीय खेल महासंघ के बजट को 185 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 302.18 करोड़ रुपए कर दिया गया है। भारत को 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में हिस्सा लेना है। खेल का बजट बढ़ने में इस तथ्य की भी भूमिका रही है।
More Stories