Lok Sabha Elections 2019 5th Phase Updates: राजनीति के महारथियों की परीक्षा है पांचवें चरण का चुनाव

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को मतदान हो रहा है। यह मतदान केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी समेत कई सियासी महारथियों का राजनीतिक भाग्य तय करेगा।

Update: 2019-05-06 05:48 GMT

लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण का मतदान जारी है। पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहे हैं, जिसमें लगभग 8.75 करोड़ मतदाता कुल 674 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला करेंगे। सुचारू रूप से चुनाव कराने के लिए कुल 96,000 मतदान बूथ बनाए गए हैं।

बीजेपी और उनके सहयोगी दलों को 2014 के चुनाव में इन 54 में से 40 सीटों पर जीत मिली थी। दो सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी जबकि शेष पर अन्य विपक्षी दलों ने जीत हासिल की। उत्तरप्रदेश में 14 सीटों, राजस्थान में 12 सीटों, पश्चिम बंगाल और मध्यप्रदेश में सात सीटों, बिहार में पांच और झारखंड में चार सीटों के लिए चुनाव होना है। जम्मू-कश्मीर के लद्दाख सीट और अनंतनाग सीट के लिए पुलवामा और शोपियां जिलों में चुनाव होना है।

राजस्थान में 12 लोकसभा सीटों पर जिन 134 उम्मीदवारों की किस्मत तय होनी है उनमें दो पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी, एक पूर्व आईएएस अधिकारी और एक पूर्व आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। इस चरण के बाद राजस्थान में चुनाव खत्म हो जाएंगे। राजस्थान में राज्यवर्द्धन राठौर, कृष्णा पुनिया, अर्जुन राम मेघवाल प्रमुख उम्मीदवार हैं।

पश्चिम बंगाल में सात सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, जिसमें से अधिकांश सीट पर तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस और माकपा के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला है। 2014 के चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी। बिहार में पांच सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इनमें से हाजीपुर लोक जनशक्ति पार्टी और सारण राजद का गढ़ माना जाता है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और मधुबनी सीट पर भी चुनाव हो रहे हैं।

झारखंड में चार सीटों हजारीबाग, कोडरमा, रांची और खूंटी में चुनाव होने वाले हैं। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा हजारीबाग से फिर से चुनाव मैदान में हैं। मध्यप्रदेश में सात सीटों टीकमगढ़, दामोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद और बेतुल में चुनाव हो रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित 14 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली की परम्परागत सीट कांग्रेस के खाते में गई थीं।

पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश के धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज (सुरक्षित), लखनऊ, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (सुरक्षित), बाराबंकी (सुरक्षित), फैजाबाद, बहराइच (सुरक्षित), कैसरगंज और गोण्डा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में करीब दो करोड़ 47 लाख मतदाता कुल 182 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर सकेंगे। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।

पांचवें चरण के चुनाव में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (अमेठी), संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी (रायबरेली), केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (अमेठी), पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद (धौरहरा) और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री (फैजाबाद) जैसे राजनीतिक छत्रपों की प्रतिष्ठा दांव पर है। राजनाथ सिंह लखनऊ सीट से एक बार फिर संसद पहुंचने की कोशिश में हैं, जहां उनका मुकाबला सपा-बसपा गठबंधन उम्मीदवार और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा से है।

वहीं राजनाथ सिंह की कैबिनेट में सहयोगी स्मृति ईरानी नेहरू-गांधी परिवार के दुर्ग यानी अमेठी को भेदने के लिये पूरा जोर लगा रही हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद एक बार फिर धौरहरा सीट से मैदान में हैं। इसी सीट से कभी चम्बल के कुख्यात डकैत रहे मलखान सिंह को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।



Similar News