सांप दिखने पर खेत में लगाई आग, मर गए पांच तेंदुए के बच्चे

Update: 2019-04-05 11:45 GMT
साभार: इंटरनेट

लखनऊ। महाराष्ट्र के एक किसान ने अपने गन्ने खेत में सांप निकलते देख मजदूर को आग लगाने का आदेश दिया। उस आग से सांप तो मरा ही उसके साथ ही पांच बेजुबान तेंदुओं के बच्चों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी।


यह मामला पुणे जिले के जून्नार तहसील के अवासारी गांव का है। शावकों की मां खाने की तलाश में बाहर गई थी। जंगल कम होने की वजह से अक्सर तेंदुए गन्ने के खेत में बच्चों को जन्म देते हैं। खेत में जिस मजदूर ने आग लगाई थी उसने बताया, "हम फसल काटने गये थे। खेत मालिक ने हमसे खेत के घासफूस को जला देने को कहा और हमने वही किया। हमें पता ही नहीं था कि वहां तेंदुए के शावक हैं।"



मानचार थाने के एक अधिकारी ने 'भाषा' को बताया, "कम से कम तीन हफ्ते पहले ही गन्ने के इस खेत में इन शावकों का जन्म हुआ था।" उन्होंने बताया, " मजदूरों ने घासफूस जलाने की कोशिश की जिसके बाद लपटें उठने लगीं, उसी बीच कुछ लोगों को वहां शावक नजर आए और तब अग्निशमन विभाग, पुलिस एवं वन विभाग को सूचना दी गयी। लेकिन तब तक देर हो गयी और शावक जलकर मर गए।" जो पांच शावक उस खेत में जलकर मरे उनकी उम्र सिर्फ तीन हफ्ते की थी। मरे हुए शावकों को पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

(भाषा से इनपुट)

Full View

Similar News