वीमेन पॉवर लाइन 1090 आज लड़कियों के लिए बड़ी ताकत

Update: 2016-12-02 15:36 GMT
रायबरेली के फिरोज गांधी कॉलेज में स्वयं फेस्टिवल के तहत यूपी पुलिस का आयोजन।

रायबरेली। वीमेन पॉवर लाइन 1090 आज लड़कियों और महिलाओं के लिए एक बहुत बड़ी ताकत बन चुकी है। अब वह समय नहीं रहा जब लोग मोबाइल और लैंडलाइन फोन पर परेशान किया करते थे और मजबूरी का फायदा उठाते थे। वुमेन पॉवर लाइन ने तस्वीर बदल दी है। अब तो स्कूली लड़कियों को विशेष पुलिस अधिकारी बना रहे हैं। ताकि वे भी अब पुलिस की महिला अपराधों को रोकने में मदद कर सकें।

स्वयं फेस्टिवल कार्यक्रम में मौजूद डीएम रायबरेली अनुज कुमार झा।

ये बातें डीएम रायबरेली अनुज कुमार झा ने शुक्रवार को कही। स्वयं फेस्टिवल 2016 का रायबरेली में आगाज नारी शक्ति को प्रणाम करने के साथ में हुआ। यहां फिरोज गांधी कॉलेज में आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से जिले भर के 17 कॉलेजों से छात्राओं ने भाग लिया। भारी कोहरे के बावजूद प्रतिभागिता में कोई कमी नहीं नजर आई। एसओ सोनी शुक्ला ने यहां आईं छात्राओं को वीमेन पॉवर लाइन 1090 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगर कोई अंजान या जानकारी व्यक्ति आपको फोन पर छेड़ता है, धमकाता या परेशान करता है तब आप इस नंबर पर कॉल कर के उसकी शिकायत कर सकती हैं।

पुलिस पहले तो उस व्यक्ति को समझाने का प्रयास करेगी अगर वह नहीं माना तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीएम अनुज कुमार झा ने गांव कनेक्शन के स्वयं फेस्टिवल में किये जा रहे कामों की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इससे खासतौर पर ग्रामीण अंचल में रहने वाले लोगों को बहुत फायदा होगा। कार्यक्रम में शक्ति परी और महिला प्रकोष्ठ के लोगों ने भी सहयोग किया।

Similar News