आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को मिला जनता का साथ! पनिहाटी सीट से चल रहीं आगे, TMC की उड़ाई नींद

Umang | May 04, 2026, 17:55 IST
Share
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है। पानीहाटी सीट से बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ आगे चल रही हैं। वह आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की शिकार डॉक्टर की मां हैं। यह चुनाव न्याय और महिलाओं की सुरक्षा के लिए लड़ा जा रहा है।
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच पनिहाटी सीट से एक बेहद भावनात्मक और चर्चित मुकाबला सामने आया है। कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में रेप और हत्या की शिकार युवा डॉक्टर की मां और बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ इस सीट से बढ़त बनाए हुए हैं। उनका चुनाव सिर्फ राजनीति नहीं बल्कि अपनी बेटी के लिए न्याय और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के सवाल से जुड़ा नजर आ रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, शाम 5:44 बजे तक की मतगणना में पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर रुझानों में तस्वीर काफी हद तक साफ होती दिख रही है। रुझानों के अनुसार बीजेपी 202 सीटों पर आगे चल रही है जबकि तृणमूल कांग्रेस 85 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

पानीहाटी सीट पर बढ़त

ECI के 5:39 बजे के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर 24 परगना जिले की पनिहाटी विधानसभा सीट से आरजी कर पीड़िता की मां करीब 20463 वोटों से आगे चल रही हैं। इस सीट पर उनकी टक्कर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तीर्थंकर घोष और माकपा के युवा नेता कोल्तान दासगुप्ता से है।

मैं अपनी बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हूं

बीजेपी उम्मीदवार बनने के बाद उन्होंने कहा था कि उन्हें राज्य की जनता पर पूरा भरोसा है और इस अवसर के लिए वह पार्टी की आभारी हैं। उन्होंने कहा, मैं यहां अपनी बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने आई हूं। इस राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चुनाव लड़ रही हूं। यही मेरी सबसे बड़ी चिंता है।” करीब 30 साल तक गृहिणी रहीं इस उम्मीदवार ने अपने चुनाव अभियान के दौरान लोगों से अपील की थी कि वे अपने बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को ध्यान में रखकर मतदान करें।

अभियान में महिलाओं का मिला समर्थन

उनके प्रचार के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं उनके समर्थन में सामने आईं। कई जगह महिलाएं उनसे गले मिलती दिखीं, भावुक हो गईं और खुलकर समर्थन जताया। इससे साफ संकेत मिला कि यह चुनाव केवल राजनीतिक नहीं बल्कि भावनात्मक मुद्दों से भी जुड़ा हुआ है।

क्या था आरजी कर मामला

रत्ना देबनाथ की बेटी एक पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर थीं। वह 9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में मृत पाई गई थीं। उनके साथ दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि हुई थी। अगले ही दिन कोलकाता पुलिस ने संजय रॉय नाम के एक सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार किया था। 20 जनवरी 2025 को अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई लेकिन पीड़िता के परिवार का आरोप है कि इस अपराध में वह अकेला शामिल नहीं था।
Tags:
  • West Bengal elections 2026
  • Panihati seat result
  • RG Kar case Kolkata
  • rape murder case Bengal
  • victim mother BJP candidate
  • Ratna Debnath BJP
  • women safety Bengal issue
  • emotional election Bengal
  • justice for victim case