0

योजनाओं का विस्तार ही नहीं, प्रचार-प्रसार भी है जरूरी - रीता बहुगुणा जोशी

Neetu Singh | Jun 29, 2017, 22:29 IST
Share
uttarpradesh
लखनऊ। लखनऊ से शुरू हुई महिला बाइकर्स की तीन दिवसीय रैली बनारस से जब लखनऊ पहुंची तो महिला एवं बाल विकास कल्याण विभाग की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने भव्य स्वागत करते हुए कहा मुखबिर योजना, महिला हेल्पलाइन 181, रेस्क्यू वैन के प्रचार-प्रसार में महिला बाइकर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंतरराष्ट्रीय महिला बाइकर्स पल्लवी फौजदार (37 वर्ष) के नेतृत्व में 12 महिला बाइकर्स ने भाग लिया था। पल्लवी फौजदार ने कहा, "जब हम किसी अभियान का हिस्सा बनते हैं तो हमारी जिम्मेदारी बढ़ जाती है, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181 के तीन दिवसीय प्रसार के बाद हम इस मुहिम को रोकेंगे नही,ये अभियान निरंतर जारी रहेगा और प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचेगा।"

महिला एवम बाल विकास कल्याण विभाग की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा, "इन बाइकर्स के उत्साह को देखकर हमे और ऊर्जा मिल रही है, निश्चित तौर पर जन-जन तक योजना की जानकारी पहुंची होगी। महिला सशक्तीकरण, महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा के लिए हमें जितने भी प्रयास करने पड़े हम उसे करेंगे, हमारी कोशिश है बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में सभी की सहभागिता बढ़े और बेटियां आगे आयें।"

रैली में शामिल महिला बाइकर्स करुणा अग्रवाल (23 वर्ष) ने मुस्कुराते हुए कहा, "हम बदलाव की चाहें जितनी बातें कर लें पर हकीकत में अभी और बदलाव की जरूरत है, जब बुलेट लेकर लड़कियां सड़क पर दिखी तो लोगों की आंखें आज भी ठहर गयी थी, पर ये रैली लोगों को सोचने के लिए जरूर मजबूर की होगी, अगर इस तरह की रैलियां चलती रहीं तो परिवर्तन जरूर होगा और बेटियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।"

महिला समाख्या की राज्य परियोजना निदेशक डॉक्टर स्मृति सिंह का कहना है, "हमारी महिलाओं की जमीन पर पकड़ मजबूत है, हमे इस बात की बेहद खुशी है कि महिला एवं बाल विकास कल्याण विभाग का हिस्सा बनने के बाद 181,रेस्क्यू वैन कन्या भ्रूण हत्या के प्रति लोगों को जागरूक करने का मौका मिला, अभी तो कुछ जिलों में ये रैली गयी हैं आने वाले समय में ये रैली कई जिलों में जायेगी, सरकारी योजनाओं की जानकारी पाकर ग्रामीण महिलाओं के चेहरे पर खुशी दिखी।"

महिला एवं बाल विकास कल्याण विभाग उत्तरप्रदेश एवं महिला समाख्या के सहयोग से बचाओं बेटी पढ़ाओं लिंग चयन एवं भ्रूण हत्या को रोकने के लिये (पी.सी.पी.एन.डी.टी.एक्ट) महिला हेल्प लाइन के प्रचार प्रसार के लिए महिला बाइकर्स पल्लवी फौजदार, कृतिका सिहं यादव, करूणा अग्रवाल, वसुधा अग्रवाल, गरिमा जैन, देवीना नैनी, नीतू यादव, अपूर्वा श्रीवास्तव, चारू गुप्ता, आयशा अमीन, फरियाल फैजल ने लखनऊ से बनारस तक बुलेट से रैली निकाली।

लखनऊ के जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वेश कुमार पाण्डेय ने भी महिला बाइकर्स का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "इस रैली के बाद हमे उम्मीद है विभाग की योजनाओं की जानकारी आम जनमानस तक पहुंची होगी, हम आगे भी इस तरह की रैली और नुक्क्कड़ नाटक ग्रामीणों के बीच जाकर करते रहेंगे, जिससे योजनाएं घर घर तक पहुंच सके।"

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहांक्लिक करें।

    Follow us
    Contact
    • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
    • neelesh@gaonconnection.com

    © 2026 All Rights Reserved.