किसानों को ठगने की साजिश नाकाम! फरीदकोट में नकली खाद फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में जिंक-पोटाश बरामद

Gaon Connection | May 07, 2026, 16:08 IST
Share
पंजाब के फरीदकोट में नकली खाद और कृषि रसायन बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। कृषि विभाग की टीम ने एक रिहायशी मकान में चल रही अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां से भारी मात्रा में नकली खाद, जिंक, पोटाश और पैकिंग सामग्री जब्त की गई।
फैक्ट्री में बन रही थी नकली खाद
फैक्ट्री में बन रही थी नकली खाद
पंजाब के फरीदकोट में नकली खाद और कृषि रसायन बनाने वाले बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। कृषि विभाग की टीम ने एक रिहायशी बंगले में चल रही अवैध फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली खाद, जिंक, पोटाश और पैकिंग सामग्री बरामद की। आरोपी किसानों को ठगने के लिए एक्सपायर्ड कृषि उत्पादों पर नई एक्सपायरी डेट के स्टिकर लगाकर उन्हें बाजार में बेच रहा था।

मकान में चल रही थी नकली खाद फैक्ट्री

पंजाब कृषि विभाग की उच्च स्तरीय टीम ने बुधवार को फरीदकोट के नारायण नगर की गली नंबर-2 में एक मकान में छापा मारकर नकली खाद और कृषि रसायन बनाने वाली यूनिट का खुलासा किया। यह कार्रवाई चंडीगढ़ से आई विशेष टीम ने जॉइंट डायरेक्टर नरेंद्र सिंह बेनीपाल के नेतृत्व में की। स्थानीय स्तर पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. कुलवंत सिंह और एडीओ एन्फोर्समेंट डॉ. जतिंदरपाल मान भी टीम के साथ मौजूद रहे।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को घर के अंदर पूरी मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग यूनिट संचालित होती मिली। टीम ने भारी मात्रा में नकली जिंक, पोटाश, खाद और नकली ब्रांडिंग सामग्री बरामद की। मौके से “अमरावती” ब्रांड के नाम से छपे खाली पाउच और बैग भी जब्त किए गए। इसके अलावा नकली उत्पादों की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली सीलिंग और पैकेजिंग मशीनें भी बरामद हुईं।

एक्सपायर्ड उत्पादों पर लगाई जा रही थी नई डेट

जांच में सामने आया कि आरोपी किसानों को ठगने के लिए एक्सपायर्ड कृषि उत्पाद खरीदकर उन पर नई एक्सपायरी डेट वाले स्टिकर चिपका रहा था। इसके अलावा घटिया और कच्चे माल को जिंक और पोटाश जैसे प्रीमियम ब्रांड उत्पादों के नाम पर पैक कर स्थानीय बाजार में बेचा जा रहा था। जॉइंट डायरेक्टर नरेंद्र सिंह बेनीपाल ने बताया कि आरोपी पहले अनाज मंडी में दुकान चलाता था, लेकिन करीब छह महीने पहले उसका लाइसेंस रद्द कर दिया गया था। इसके बाद उसने कानून की नजर से बचने के लिए यह अवैध कारोबार रिहायशी इलाके में शुरू कर दिया।

मुख्य आरोपी फरार, पुलिस में शिकायत दर्ज

मुख्य आरोपी की पहचान राजिंदर सेठी के रूप में हुई है। छापेमारी पूरी होने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया। कृषि विभाग ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है और आगे की जांच जारी है।
Tags:
  • Faridkot News
  • Fake Fertiliser
  • Counterfeit Fertiliser
  • Punjab Agriculture Department
  • Rajinder Sethi
  • Fake Zinc
  • Fake Potash
  • Expired Agricultural Products
  • Punjab Raid
  • Agriculture Scam