सनी देओल, हेमा मालिनी सहित ये सभी नामी हस्तियां पहुंचेंगी संसद

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
सनी देओल, हेमा मालिनी सहित ये सभी नामी हस्तियां पहुंचेंगी संसद

लखनऊ। लोकसभा चुनावों में इस बार कई नामी सितारों का नाम रहा। फिल्मी सितारों से लेकर खिलाड़ियों तक इस चुनाव में खड़े हुए प्रसिद्ध लोग चर्चा का विषय रहे। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, इस चुनाव में जीत हासिल करने वाले सितारों की फेहरिस्त लंबी है। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल, गायक हंस राज हंस, अभिनेत्री हेमा मालिनी, किरन खेर और अभिनेता रवि किशन शामिल हैं। यह सभी हस्तियां भाजपा के टिकट पर संसद के निचले सदन यानि लोकसभा पहुंचेंगी।

कई हस्तियां ऐसी भी रहीं, जिन्हें इस चुनाव में निराशा हाथ लगी। इनमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और फतेहपुर सीकरी से पार्टी उम्मीदवार राज बब्बर शामिल हैं, जो अपने प्रतद्विंद्वी भाजपा उम्मीदवार से 4.9 लाख मतों से पीछे हैं। मुंबई उत्तर से कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर, पटना साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा और तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मुनमुन सेन भी कुछ खास नहीं कर पाईं।

ये भी पढ़ें-
Lok Sabha Elections Results Live Updates: रूझानों में बीजेपी अकेले बहुमत के पार

चुनाव से कुछ सप्ताह पहले भाजपा में शामिल हुए सनी देओल ने पंजाब की गुरदासपुर सीट से 5 लाख 58 हज़ार 719 वोटों के साथ जीत हासिल की। उन्हें कांग्रेस के सुनील जाखर से 82 हज़ार 459 मत ज़्यादा मिले। गुरदासपुर सीट से पिछले लोकसभा चुनाव में भी भाजपा जीती थी। यहां से पार्टी उम्मीदवार विनोद खन्ना ने 1 लाख 36 हज़ार 65 वोटों से जीत हासिल की थी।

जीत के बाद सनी देओल ने ट्विटर पर कार्यकर्ताओं का इसका श्रेय देते हुए कहा, "परम आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी तथा आदरणीय अमित शाह जी ने जो मुझमें विश्वास प्रकट किया, मुझे खुशी है कि मैं उस पर पूरा उतरा। लोकसभा क्षेत्र गुरदासपुर के लोगों का मैं तहदिल से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे अपना बनाकर विजयी बनाया। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है।"

उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी दो लाख 93 हज़ार 471 वोटों से जीती हैं। उन्हें कुल 6 लाख 71 हज़ार 293 वोट मिले जो कि कुल मतों के 60.88 प्रतिशत थे। उनके बाद दूसरे नंबर पर राष्ट्रीय लोक दल के कुंवर नरेन्द्र सिंह रहे। पिछले लोकसभा चुनावों में भी इस सीट से हेमा मालिनी ही विजेता रही थीं। हेमा मालिनी ने जीत हासिल करने के बाद ट्विटर पर लोगों का धन्यवाद किया।

सूफी गायक और दिल्ली की उत्तर पश्चिमी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हंसराज हंस भी 5 लाख 53 हज़ार 897 वोटों से जीते हैं। उन्हें 8 लाख 48 हज़ार 663 वोट मिले। इससे पहले भी उत्तर पश्चिमी दिल्ली की सीट पर भाजपा के उदित राज सांसद रहे हैं। साल 2014 में उन्हे एक लाख से भी ज़्यादा वोटों से जीत मिली थी। हंस राज हंस ने जीत के बाद ट्विटर पर #ModiAaGaya के साथ लिखा कि देश ने बनाया है, देश के रहेंगे, वादा है।

चंडीगढ़ से भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा सांसद किरन खेर कांग्रेस के पवन बंसल से 4 लाख से ज्यादा मतों से जीती हैं। किरण खेर पिछले लोकसभा चुनावों में 69 हज़ार 642 मतों से जीती थीं। उन्हें कुल 2 लाख 31 हज़ार 188 वोट पड़े।

किरण ने जीत के बाद ट्विटर पर प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को धन्यवाद देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, "धन्यवाद आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी व श्री अमित शाह जी मुझ पर विश्वास जताने के लिए। शुक्रिया मेरे शहर चंडीगढ़, मैं हमेशा से आश्वस्त थी कि मेरा शहर मेरा साथ देगा, आपके विश्वास और प्यार का कर्ज़ कभी नहीं उतार पाऊंगी, 5 साल दिल से शहर की जरूरतों के लिए पूरी आवाज़ उठाउंगी और काम करूँगी।"

किरण खेर के पति और बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा कि मुझे एक बार फिर विश्वास हो गया कि मेहनत और ईमानदारी का बेहतर फल मिलता है। मैं सबको धन्यवाद देता हूं।

वहीं रामपुर से भाजपा उम्मीदवार और अभिनेत्री जया प्रदा को हार मिली है। उनके प्रतद्विंद्वी और सपा उम्मीदवार आजम खान उनसे 1 लाख 9 हज़ार 997 मतों से जीते। जबकि पिछले लोकसभा चुनावों में रामपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. नेपाल सिंह ने जीत हासिल की थी।

जयाप्रदा को कुल 4 लाख 49 हज़ार 180 मत मिले तो वहीं आज़म खान को 5 लाखा 59 हज़ार 177 मत मिले।

भाजपा से कांग्रेस में आए शत्रुघ्न सिन्हा केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद से हार चुके हैं। प्रसाद ने दो लाख 84 हज़ार 657 वोटों से शत्रुघ्न सिन्हा को हराया। इस ही सीट पर पिछली लोकसभा में शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा की तरफ से 2 लाख 65 हज़ार 805 मतों से जीते थे। इस बार रविशंकर प्रसाद को 6 लाख 7 हज़ार 506 मत प्राप्त हुए तो वहीं शत्रुघ्न सिन्हा को 3 लाख 22 हज़ार 849 मतों से संतोष करना पड़ा।

भाजपा और अपनी जीते के बाद केन्द्रीय मंत्री प्रसाद ने ट्विटर पर एक वीडियो जारी कर लोगों का धन्यवाद किया।

इनके अलावा भोजपुरी अभिनेता रवि किशन गोरखपुर सीट पर 7.17 लाख वोट लेकर जीते। उन्होंने 3 लाख 1 हज़ार 664 मतों से समाजवादी पार्टी के राभुअल निशाद को हराया। गोरखपुर सीट पर पिछले लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 लाख 12 हज़ार 783 मतों से जीते थे।

रवि किशन ने ट्वीट कर आम नागरिकों, प्रधानमंत्री मोदी, अध्यक्ष अमित शाह और योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद ज्ञापन किया।

रवि किशन की बेटी ने अपने पिता को बधाई देते हुए ट्वीट किया।


   

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.