हीटवेव के बाद अब आंधी-बारिश की बारी, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट, जानें कब से बदलेगा मौसम

Gaon Connection | May 27, 2026, 10:17 IST
Share
गर्मी से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों में 28 मई से बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है।
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर
भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में 28 मई से बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसके साथ ही तापमान में हल्की गिरावट आने के संकेत भी दिए गए हैं।

दिल्ली में 29 मई से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 27 मई को दिल्ली का आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे रात में भी गर्मी बनी रहेगी। हालांकि 28 और 29 मई को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है। 29 मई को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने दोपहर और रात के समय कई बार बारिश होने की संभावना जताई है।

यूपी में आंधी-तूफान का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। बांदा, प्रयागराज और वाराणसी जैसे इलाकों में तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। आईएमडी के अनुसार 28 से 31 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 मई को 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 मई को इसी तरह के मौसम की संभावना जताई गई है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी मौसम बदलेगा

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 31 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में 28, 29 और 30 मई को बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी के तेज तूफान में बदलने की भी चेतावनी दी है।

पहाड़ी राज्यों में पहले से हो रही बारिश

हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पहले से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 28 से 30 मई के बीच उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 28 से 30 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में भी 30 मई तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 28 से 30 मई तक लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
Tags:
  • IMD Weather Update
  • Delhi Rain Alert
  • UP Weather News
  • Heatwave Alert
  • Thunderstorm Warning
  • Rajasthan Weather
  • Punjab Rain Alert
  • Heavy Rain Forecast
  • India Weather News
  • Storm Alert India