Weather Update May 9: देश के 13 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, 75KM की रफ्तार से चलेगी आंधी, यूपी के इन ज़िलों में बारिश का अलर्ट

Gaon Connection | May 09, 2026, 11:09 IST
Share
मई की गर्मी में मौसम ने अचानक करवट ली है। देश के 13 राज्यों में आंधी और बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
देश के कई हिस्सों में बारिश-तूफान का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में बारिश-तूफान का अलर्ट
मई की तपती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देश के 13 राज्यों में आंधी और बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। देश के कई राज्यों में आज तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वांचल के कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देश के 13 राज्यों में आंधी-बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, तमिलनाडु और केरल में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। कई राज्यों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। बिहार में 10 से 12 मई के बीच गरज-चमक और बारिश का अनुमान है, जबकि झारखंड में 14 मई तक मौसम खराब रह सकता है। ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 9 मई को उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज और संत कबीर नगर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रयागराज और विंध्य क्षेत्र में तेज आंधी के साथ अचानक मौसम बदलने की आशंका जताई गई है। वहीं वाराणसी और गोरखपुर मंडल के जिलों में देर शाम तक तेज बारिश का दौर बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही उमस और गर्मी के बाद अब वातावरण में नमी बढ़ने लगी है, जिसकी वजह से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं।

दिल्ली में गर्मी बरकरार

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश के आसार कम हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में आज लू चल सकती है और तापमान ऊंचा बना रहेगा। यहां 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम

वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और कर्नाटक के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी मौसम विभाग ने आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।

किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए किसानों और आम लोगों के लिए विशेष सलाह जारी की है। खेतों में रखी फसल को तिरपाल से ढकने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है। तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान खुले में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं जिससे उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट और राहत मिलने की संभावना है।
Tags:
  • 13 states weather alert
  • IMD rain alert
  • storm alert India
  • UP Bihar weather
  • thunderstorm warning
  • heavy rainfall alert
  • weather update today
  • lightning alert India
  • dust storm alert
  • weather news Hindi