Milk Price Hike: सुबह की चाय और बच्चों का दूध हुआ थोड़ा महंगा, अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम
Preeti Nahar | May 14, 2026, 09:30 IST
महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। यह नई दरें 14 मई 2026 से लागू हो गई हैं। कच्चे दूध की खरीद लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। इस बढ़ोतरी से करोड़ों उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ेगा।
amul milk Price Hike
महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। देश की दो बड़ी डेयरी कंपनियों Amul और Mother Dairy ने दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें 14 मई 2026 से लागू हो गई हैं। इस फैसले का सीधा असर करोड़ों उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ेगा, खासतौर पर उन परिवारों पर जहां रोजाना दूध की खपत ज्यादा होती है।
Amul ने बताया कि कच्चे दूध की खरीद लागत लगातार बढ़ रही है। पशु चारा, ट्रांसपोर्टेशन, ईंधन और ऑपरेशन लागत में इजाफे के कारण कंपनी ने कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है। कंपनी का कहना है कि ग्राहकों से मिलने वाले हर ₹1 में से करीब 80 पैसे सीधे दूध उत्पादकों और पशुपालकों तक पहुंचते हैं, इसलिए किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला जरूरी था।
Mother Dairy ने भी अमूल के बाद अपने दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में दूध खरीद की लागत बढ़ी है, जिसकी वजह से कीमतों में संशोधन करना पड़ा। दिल्ली-NCR समेत कई प्रमुख बाजारों में नई कीमतें 14 मई से लागू हो गई हैं।
फुल क्रीम, टोंड, डबल टोंड और गाय के दूध समेत कई वेरिएंट्स की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। हालांकि अलग-अलग शहरों और पैक साइज़ के हिसाब से कीमतों में थोड़ा फर्क हो सकता है। ग्राहकों को अब हर लीटर दूध पर ₹2 ज्यादा खर्च करने होंगे।
दूध रोजमर्रा की जरूरत है और इसकी कीमत बढ़ने से चाय, कॉफी, मिठाई, दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की लागत भी बढ़ सकती है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के बजट पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कंपनियां बढ़ी हुई लागत का फायदा किसानों तक पहुंचाती हैं, तो इससे डेयरी किसानों और पशुपालकों की आय में सुधार हो सकता है। बढ़ती फीड लागत के बीच यह राहत देने वाला कदम माना जा रहा है। अभी के लिए साफ है कि 14 मई से सुबह की चाय और बच्चों का दूध थोड़ा महंगा हो गया है।