Assam Floods: सिर्फ़ 2 घंटे में 10 फीट तक बढ़ गया पानी, जानिए कैसे दो दिन तक छतों पर फंसे रहे लोग|Ground Report

Mansi | Aug 02, 2026, 16:22 IST
Share

असम के गोलाघाट ज़िले के नेपाल कुटी गाँव में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अचानक बढ़े पानी ने ग्रामीणों को संभलने का मौका नहीं दिया, जिससे कई लोग छतों पर शरण लेने को मजबूर हुए। बाढ़ का पानी शाम को बढ़ना शुरू हुआ और दो घंटे में ही कई इलाकों में पांच से दस फीट तक भर गया।

बाढ़ के बाद गाँव की हालात<br>
बाढ़ के बाद गाँव की हालात
असम के गोलाघाट ज़िले के नेपाल कुटी गाँव में बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। अचानक बढ़े पानी ने ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। देखते ही देखते गाँव के कई हिस्से जलमग्न हो गए और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घरों की छतों पर शरण लेनी पड़ी।

गाँव कनेक्शन की ग्राउंड रिपोर्ट में नेपाल कुटी गाँव में बाढ़ के बाद की भयावह तस्वीरें सामने आई हैं। चारों तरफ पानी, कीचड़ और गाद जमा है। कई घरों में मलबा भर गया है, खेतों में मिट्टी की मोटी परत जम गई है और कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए।

शाम से शुरू हुआ पानी, दो घंटे में बदल गई गाँव की तस्वीर

स्थानीय लोगों ने बताया बाढ़ का पानी शाम के समय बढ़ना शुरू हुआ था। शुरुआत में लोगों को अंदाज़ा नहीं था कि हालात इतने गंभीर हो जाएंगे। लेकिन कुछ ही घंटों में पानी तेजी से बढ़ने लगा और करीब दो घंटे के भीतर कई इलाकों में 5 से 10 फीट तक पानी भर गया। बाढ़ इतनी तेज थी कि लोगों को सामान बचाने तक का समय नहीं मिला। जो जहाँ था, वहीं से सुरक्षित जगह तलाशने लगा। कई परिवारों ने घर छोड़कर छतों पर पहुंँचकर अपनी जान बचाई। बाढ़ के दौरान सबसे बड़ी चुनौती बुज़ुर्गों और बच्चों को सुरक्षित निकालना था। पानी का बहाव तेज होने के कारण बाहर निकलना मुश्किल था। ऐसे में करीब 20 लोगों को रस्सी के सहारे छतों तक पहुँचाया गया। रात के अंधेरे में चारों तरफ पानी ही पानी था। लोगों के पास छत के अलावा कोई दूसरा सुरक्षित स्थान नहीं था। कई परिवारों ने करीब दो दिन तक छतों पर रहकर गुज़ारा किया। बाद में नाव की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया।

ऊँचे इलाके भी डूबे, पेट्रोल पंप में जमा हुई गाद

नेपाल कुटी गाँव का जो इलाका अपेक्षाकृत ऊँचा माना जाता है, वहाँ भी बाढ़ का पानी पहुंच गया। गाँव के पेट्रोल पंप परिसर में कई दिनों तक पानी भरा रहा। अब वहाँ मशीनों और पूरे परिसर में गाद की मोटी परत दिखाई दे रही है। गाँव कनेक्शन की टीम ने मौके पर देखा कि बाढ़ का असर अभी भी साफ़ दिखाई दे रहा है। जगह-जगह कीचड़, टूटी दीवारें और बिखरा सामान तबाही की कहानी बता रहे हैं।

पानी में बह गईं गाड़ियाँ, जेसीबी से निकाला गया बाहर

बाढ़ के तेज बहाव में गाँव में खड़ी कई गाड़ियाँ बह गईं। कुछ वाहन कीचड़ में दब गए, जिन्हें बाद में जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। पानी के दबाव से कई जगह दीवारें भी टूट गईं। कई खेतों में भारी मात्रा में गाद भर गई है। कुछ जगहों पर खेत पूरी तरह तालाब जैसे दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मलबे के नीचे अभी भी कई जानवरों के शव दबे होने की आशंका है।

पानी में बह गईं गाड़ियाँ
पानी में बह गईं गाड़ियाँ

घरों से निकल रही हैं लाशें, कई लोगों की तलाश जारी

नेपाल कुटी गाँव में बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रभावित इलाकों में मलबा हटाकर लोगों और जानवरों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोग जो समय रहते घरों से बाहर नहीं निकल पाए, वे वहीं फंस गए। अब कई घरों से शव मिलने की जानकारी सामने आ रही है। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर प्रभावित इलाकों में खोज अभियान चला रहे हैं।

बाढ़ के बाद गाँव में हालात अभी भी चुनौतीपूर्ण हैं। लगातार बारिश, कीचड़ और गंदगी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। कई जगहों पर बदबू और मलबे के कारण रहना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद स्थानीय लोग एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं। बाहर से पहुंच रही राहत सामग्री और बचाव टीमों की मदद से प्रभावित परिवारों तक ज़रूरी सामान पहुँचाया जा रहा है।



रिपोर्ट: मनीष मिश्रा

फ़ोटो: मोहम्मद आरिफ़
Tags:
  • Assam Flood 2026
  • Golaghat Flood
  • Nepal Kuti Village
  • Assam Flood Ground Report
  • Flood Rescue Operation
  • Flood Victims Assam
  • Assam Disaster News
  • Flood Rehabilitation
  • Assam Heavy Rain
  • Village Connection Report