Online Gaming Rules: 1 मई से बदल जाएंगे ऑनलाइन गेमिंग के नियम, अब मनी गेम्स पर सख्ती, माता-पिता को मिलेगा कंट्रोल

Gaon Connection | Apr 23, 2026, 13:24 IST
Share
1 मई 2026 से भारत में ऑनलाइन गेमिंग के नियम बदल रहे हैं। अब मनी गेम्स पर सख्त निगरानी होने जा रही है। माना जा रहा है कि इससे बच्चों की सुरक्षा बढ़ेगी और माता-पिता को नियंत्रण मिलेगा। साथ ही एक भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण बनेगा जो नियमों का पालन कराएगा। पढ़ें क्या कुछ बदलाव किए गए हैं ऑनलाइन गेमिंग के नियमों में जो 1 मई से लागू किए जाएंगे।
भारत में ऑनलाइन गेम खेलने वालों के लिए नए नियम<br>
भारत में ऑनलाइन गेम खेलने वालों के लिए नए नियम

भारत में ऑनलाइन गेम खेलने वालों के लिए 1 मई 2026 से बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग के संवर्धन एवं विनियमन नियम, 2026 लागू करने का फैसला किया है। इन नियमों का मकसद ऑनलाइन मनी गेम्स पर नियंत्रण करना, लोगों को ठगी और लत से बचाना, बच्चों की सुरक्षा बढ़ाना और ई-स्पोर्ट्स व सोशल गेमिंग को बढ़ावा देना है। क्योंकि ऑनलाइन गेमिंग का चलन अब शहरों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि गाँव के लोग भी ऑनलाइन गेमों में पैसा लगाता है और आर्थिक नुकसान झेलते हैं। सरकार का कहना है कि अब गेमिंग सेक्टर को साफ, सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से चलाया जाएगा।

आम लोगों के लिए क्या बदलने वाला है

अब कोई भी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म मनमाने तरीके से पैसे कमाने वाले गेम नहीं चला सकेगा। सरकार यह तय करेगी कि कौन सा गेम केवल मनोरंजन या स्किल आधारित है और कौन सा गेम मनी गेम की श्रेणी में आता है। अगर कोई गेम पैसे लगाकर खेलने और पैसा जीतने के मॉडल पर चलता है, तो उस पर सख्त निगरानी होगी। इससे आम लोगों को फर्जी ऐप्स, जुए जैसे खेल और धोखाधड़ी से राहत मिल सकती है।

बच्चों और परिवारों को मिलेगा फायदा

नए नियमों में बच्चों और संवेदनशील यूजर्स की सुरक्षा पर खास जोर दिया गया है। अब प्लेटफॉर्म को एज वेरिफिकेशन, समय सीमा, पैरेंटल कंट्रोल, शिकायत सुविधा और सुरक्षा फीचर्स देने होंगे। यानी बच्चे बिना निगरानी के किसी भी गेम में प्रवेश नहीं कर पाएंगे और माता-पिता को भी कंट्रोल मिलेगा। इससे गेमिंग की लत और अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

बनेगा भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण

सरकार एक नया निकाय बनाएगी जिसका नाम होगा भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण। यह संस्था ऑनलाइन गेम्स की निगरानी करेगी, शिकायतें सुनेगी, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करेगी और यह भी तय करेगी कि कौन सा गेम मान्य है और कौन सा नहीं। इसका मुख्यालय दिल्ली में होगा और इसमें कई मंत्रालयों के अधिकारी शामिल रहेंगे।

90 दिन में होगा फैसला- अगर कोई कंपनी अपने गेम को ई-स्पोर्ट्स या सोशल गेम के रूप में चलाना चाहती है, तो उसे आवेदन करना होगा। इसके बाद अधिकतम 90 दिनों के भीतर यह फैसला लिया जाएगा कि गेम को मंजूरी मिलेगी या नहीं। इससे कंपनियों को भी स्पष्टता मिलेगी और यूजर्स को भरोसेमंद प्लेटफॉर्म मिलेंगे।

शिकायत होने पर कहाँ जाएं- अब अगर किसी यूजर को गेमिंग ऐप से शिकायत है—जैसे पैसे कटना, गलत विज्ञापन, अकाउंट ब्लॉक होना या गलत व्यवहार—तो पहले कंपनी के शिकायत तंत्र में शिकायत करनी होगी। अगर समाधान नहीं मिला तो मामला प्राधिकरण तक जा सकेगा। इसके बाद भी जरूरत पड़ी तो दूसरी अपील MeitY सचिव तक की जा सकेगी।

मनी गेम्स पर होगी सख्ती- सरकार ने साफ किया है कि ऐसे गेम जो लोगों को जल्दी पैसा कमाने का लालच देते हैं, या जिनमें पैसों का दांव लगता है, उन पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बैंक और पेमेंट सिस्टम को भी ऐसे प्रतिबंधित प्लेटफॉर्म्स से जुड़े लेनदेन रोकने के लिए कहा जा सकता है। इससे ऑनलाइन ठगी और आर्थिक नुकसान कम होने की उम्मीद है।

गेमिंग कंपनियों को क्या करना होगा?

अब हर गेमिंग कंपनी को अपनी पहचान, नियम, सुरक्षा फीचर्स, शिकायत अधिकारी, पेमेंट सिस्टम और यूजर सुरक्षा उपाय साफ तौर पर बताने होंगे। जो कंपनियां नियमों का पालन नहीं करेंगी, उन पर जुर्माना और कार्रवाई हो सकती है। इन नियमों से आम लोगों को ज्यादा सुरक्षित गेमिंग माहौल मिलेगा। खासकर माता-पिता, युवा खिलाड़ियों और ऑनलाइन गेम खेलने वालों को फायदा होगा। अब यूजर्स को पता होगा कि कौन सा प्लेटफॉर्म भरोसेमंद है और कौन सा जोखिम भरा।

कब से लागू होंगे नियम?

सरकार का मकसद गेमिंग इंडस्ट्री को रोकना नहीं, बल्कि सही दिशा देना है। ई-स्पोर्ट्स, टेक्नोलॉजी और डिजिटल इनोवेशन को बढ़ावा दिया जाएगा, लेकिन साथ ही जनता को ऑनलाइन मनी गेम्स के नुकसान से भी बचाया जाएगा। ऑनलाइन गेमिंग के संवर्धन एवं विनियमन नियम, 2026, 1 मई 2026 से पूरे देश में लागू होंगे। ऐसे में अगर आप ऑनलाइन गेम खेलते हैं, तो आने वाले दिनों में कई प्लेटफॉर्म्स पर नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Tags:
  • Online Gaming Rules India
  • ऑनलाइन गेमिंग नियम भारत
  • Money Games Regulation
  • मनी गेम्स पर सख्ती
  • User Safety in Online Gaming
  • online gaming rules India 2026
  • India online gaming regulation news
  • MeitY gaming rules 2026
  • Indian online gaming authority
  • भारत में गेमिंग ऐप्स पर नए नियम