तहसील-कचहरी के चक्कर खत्म! यूपी में अब ऑनलाइन मिलेगी खतौनी की प्रमाणित कॉपी, बस करना होगा यह काम
Gaon Connection | May 07, 2026, 16:49 IST
उत्तर प्रदेश के नागरिक अब घर बैठे खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकते हैं। राजस्व विभाग ने इस सुविधा को ऑनलाइन कर दिया है। upbhulekh.gov.in और bor.up.gov.in पोर्टल पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। डिजिटल भुगतान के बाद प्रति तुरंत डाउनलोड हो जाएगी।
राजस्व विभाग की नई डिजिटल सुविधा
उत्तर प्रदेश में अब खतौनी की प्रमाणित प्रति हासिल करने के लिए लोगों को तहसील और कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रदेश सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है जिससे नागरिक घर बैठे ही कुछ आसान स्टेप्स में खतौनी की प्रमाणित नकल डाउनलोड कर सकेंगे। राजस्व विभाग ने इसके लिए 24 घंटे उपलब्ध डिजिटल सुविधा शुरू की है।
प्रदेश सरकार ने नागरिकों को राहत देते हुए खतौनी की प्रमाणित नकल प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों को तहसील या कचहरी जाकर आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। अब कोई भी व्यक्ति घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेगा।
राजस्व विभाग के मुताबिक इस सुविधा के लिए विभाग के आधिकारिक पोर्टल upbhulekh.gov.in और bor.up.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है। पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद ‘खतौनी की नकल’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद जिला, तहसील और गांव की जानकारी भरकर संबंधित गाटा संख्या का चयन करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान निर्धारित शुल्क का भुगतान भी डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा। इसके लिए यूपीआई समेत विभिन्न ऑनलाइन पेमेंट विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। भुगतान पूरा होते ही खतौनी की प्रमाणित प्रति तुरंत डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाएगी।
राजस्व विभाग ने बताया कि यह ऑनलाइन सेवा 24 घंटे संचालित रहेगी। इससे नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से लोगों का समय बचेगा और सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी।