बिना पैसे इलाज़ का मौका, इस तारीख़ से पहले बनवा लें आयुष्मान कार्ड

Gaon Connection | Jan 30, 2026, 18:02 IST
Share
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 15 जनवरी से 15 अप्रैल 2026 तक आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card)बनाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, स्वास्थ्य सुरक्षा अब और आसान।
आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, स्वास्थ्य सुरक्षा अब और आसान।
अगर आप भी मुफ़्त में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेना चाहते हैं; लेकिन अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है, तो यह आपके लिए राहत की खबर है।

सरकार ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत 15 जनवरी से 15 अप्रैल 2026 तक आयुष्मान कार्ड बनाने का विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान का मकसद उन गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुँचाना है, जो अब तक इस योजना से जुड़ नहीं पाए थे।

आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Scheme) देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना मानी जाती है। इसके तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज़ सरकारी और लिस्टेड निजी अस्पतालों में मिलता है। इसका मतलब यह है कि गंभीर बीमारी, ऑपरेशन, भर्ती, दवाइयों और इलाज के खर्च के लिए परिवार को कर्ज़ लेने या जमीन-गहने बेचने की मजबूरी नहीं रहती। खासकर ग्रामीण इलाकों, मजदूर परिवारों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह योजना एक बड़ी सुरक्षा ढाल बन चुकी है।

ये भी पढ़ें: क्या है APAAR ID? जानिए क्यों है ज़रूरी, फायदे और कैसे बनवाएं डिजिटल स्टूडेंट आईडी

इस विशेष अभियान के दौरान सरकार का फोकस उन परिवारों पर है जो पहले छूट गए थे। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी अस्पतालों और अधिकृत आयुष्मान मित्र केंद्रों पर कार्ड बनाने की सुविधा दी जा रही है। कई जगहों पर मोबाइल वैन और कैंप लगाकर भी लोगों का पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि दूर-दराज के गाँवों तक यह सुविधा पहुंच सके।

आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अब पहले से कहीं ज़्यादा आसान हो गई है। आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और ज़रूरी पहचान दस्तावेज के जरिए कुछ ही मिनटों में कार्ड बन सकता है। कार्ड बनते ही व्यक्ति और उसका परिवार देश के किसी भी लिस्टेड अस्पताल में इलाज़ करा सकता है।

अगर आपके परिवार का आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बना है, तो देर न करें। अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरकारी अस्पताल या आयुष्मान पंजीकरण केंद्र पर जाकर कार्ड बनवाएं। अधिक जानकारी के लिए आप टोल-फ्री नंबर 1800-1800-4444 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: अब घर बैठे मिनटों में पूरा करें LPG और उज्ज्वला योजना का e-KYC, जानिए आसान तरीका
Tags:
  • आयुष्मान कार्ड 2026
  • आयुष्मान भारत योजना
  • PM-JAY योजना
  • मुफ्त इलाज योजना
  • आयुष्मान कार्ड कैसे बनवाएं
  • प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना
  • 5 लाख का मुफ्त इलाज
  • आयुष्मान कार्ड अभियान
  • 1800-1800-4444 हेल्पलाइन