दिल्ली में पारा 45 डिग्री के पार, IMD ने कई राज्यों में हीटवेव के साथ जारी किया बारिश-तूफान का अलर्ट, जानें कहां कितना रहेगा तापमान

Gaon Connection | May 19, 2026, 10:19 IST
Share
देश के कई राज्यों में गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है।
कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। लेकिन उससे पहले देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है। अगले 12 घंटों के भीतर कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश शुरू होने की संभावना है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन भीषण गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक तेज गर्मी जारी रहने का अनुमान है। 19 और 20 मई को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। हालांकि 21 और 22 मई को तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, कानपुर, बांदा, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज और मऊ समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान में 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट

राजस्थान में मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ उत्तरी और पूर्वी इलाकों में भी तापमान बढ़ सकता है। जयपुर समेत कई हिस्सों में अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है।

मध्य प्रदेश के 31 जिलों में हीटवेव चेतावनी

मध्य प्रदेश के 55 में से 31 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में विदिशा, रायसेन, खंडवा, रतलाम, गुना, ग्वालियर, दतिया, रीवा, राजगढ़, उज्जैन, जबलपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ शामिल हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

बिहार में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी

बिहार के गया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मधेपुरा, बांका, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। 19 मई को पटना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में मैदानों में बढ़ेगी गर्मी

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में 20, 21 और 22 मई को तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत और निचले पहाड़ी इलाकों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश, फिर लौटेगी गर्मी

जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 21 से 25 मई के बीच कई इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना है। इस दौरान हर दोपहर हल्की बारिश हो सकती है। 25 मई के बाद मौसम फिर से शुष्क होने का अनुमान है।

महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान में गिरावट के आसार

महाराष्ट्र और गुजरात में 19 मई को तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि 19 से 24 मई के बीच अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, ऊना, कांगड़ा और किन्नौर में हल्की बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मनाली में 19 मई को अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में 21 मई तक बढ़ेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, शरीर को हाइड्रेटेड रखने और लंबे समय तक धूप में रहने से बचने की सलाह दी है।
Tags:
  • IMD Weather Update
  • Heatwave Alert
  • Delhi Heatwave
  • Weather News India
  • Rain Alert
  • Storm Alert
  • Uttar Pradesh Weather
  • Rajasthan Heatwave
  • Bihar Rain Alert
  • Monsoon Update