क्या केंद्र सरकार सभी आधार कार्ड धारकों को दे रही है इलेक्ट्रिक साइकिल? जानिए वायरल दावे की सच्चाई

Gaon Connection | May 26, 2026, 15:24 IST
Share
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि देश के सभी आधार कार्ड धारकों को मुफ्त इलेक्ट्रिक साइकिल दी जाएगी। वीडियो को लेकर लोगों के बीच काफी चर्चा है और बड़ी संख्या में यूजर्स इसे शेयर भी कर रहे हैं। हालांकि अब इस वायरल दावे को लेकर सरकार की ओर से बड़ा अपडेट सामने आया है।
सरकार ने वायरल वीडियो का बताया सच
सरकार ने वायरल वीडियो का बताया सच
सोशल मीडिया पर इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार देश के सभी आधार कार्ड धारकों को मुफ्त इलेक्ट्रिक साइकिल देने जा रही है। कई लोगों ने इस वीडियो को सच मानकर सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर करना शुरू कर दिया। लेकिन अब सरकार ने इस दावे की सच्चाई साफ कर दी है। आइये जानते हैं कि सरकार ने क्या बताया है।

क्या है वायरल वीडियो का दावा?

फेसबुक पर “Dealdukaaan99” नाम के अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कथित तौर पर यह घोषणा करते नजर आ रहे हैं कि सभी आधार कार्ड धारकों को फ्री इलेक्ट्रिक साइकिल दी जाएगी। वीडियो तेजी से वायरल होने लगा और कई लोग इसे सरकारी योजना समझ बैठे।

PIB Fact Check ने बताया फर्जी

सरकार की आधिकारिक फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया है। PIB के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्र सरकार ने ऐसी किसी योजना की घोषणा नहीं की है। PIB ने साफ कहा कि वायरल वीडियो AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है और इसका मकसद लोगों को गुमराह करना है।


लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह

सरकार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले फ्री गिफ्ट, पैसे, वाहन या सरकारी योजनाओं से जुड़े दावों पर आंख बंद करके भरोसा न करें। ऐसे वीडियो और पोस्ट का इस्तेमाल कई बार लोगों की निजी जानकारी जुटाने या ऑनलाइन ठगी के लिए किया जाता है।

असली सरकारी योजनाओं की जानकारी कहां मिलेगी?

सरकार ने कहा है कि किसी भी सरकारी योजना की सही जानकारी केवल आधिकारिक पोर्टल्स से ही लेनी चाहिए। केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी के लिए लोग MyScheme Portal पर विजिट कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध वीडियो, मैसेज या तस्वीर की शिकायत PIB Fact Check को WhatsApp नंबर +91 8799711259 या ईमेल factcheck@pib.gov.in पर भेजी जा सकती है।

AI फर्जी वीडियो को लेकर बढ़ी चिंता

सरकार ने यह भी कहा कि AI तकनीक के जरिए बनाए जा रहे फर्जी वीडियो और तस्वीरों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है ताकि वे किसी गलत जानकारी या ऑनलाइन ठगी का शिकार न बनें।
Tags:
  • PM Modi Viral Video
  • Free Electric Bicycle Scheme
  • Aadhaar Card News
  • PIB Fact Check
  • Fake Viral Video
  • AI Generated Video
  • Government Scheme Fake News
  • Electric Cycle Viral Claim
  • Social Media Fake News
  • Fact Check Hindi