Weather Update: मैदानी इलाकों में गर्मी, 40 डिग्री के पार तापमान, पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का अलर्ट:

Gaon Connection | Mar 06, 2026, 09:27 IST
Share
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम भी अलग-अलग तरह के रंग दिखा रहा है। कहीं बहुत अधिक गर्मी है तो कहीं बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी। जानिए आपके राज्य का क्या है मौसम का अपडेट, ताकि समय रहते मौसम के हिसाब से कर सकें किसान अपनी फसल और खेतों का बचाव।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का है अनुमान
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का है अनुमान
Temperature Forecast: देश भर में मौसम तेजी से बदल रहा है। मार्च के पहले पखवाड़े में ही मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है, जबकि पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी की अलर्ट जारी है। इसी के साथ ही दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक तेज धूप रहेगी और तापमान 35 डिग्री तक पहुँच सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

तेजी से बढ़ रहा है तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD के अनुसार, मार्च की शुरुआत से ही देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव आ रहा है। मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है और दोपहर में तेज धूप से लोग परेशान हो रहे हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में मौसम जल्द ही बदल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे वहाँ तापमान गिर सकता है।

कैसा होगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक आज आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 17 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर में 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी।

उत्तर-प्रदेश में गर्मी का असर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी गर्मी का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा। आगरा, मथुरा, मैनपुरी, हाथरस, एटा, अलीगढ़, बरेली, बदायूं, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, बलरामपुर, गोंडा, अमेठी, बाराबंकी, बागपत, कानपुर और लखनऊ जैसे कई जिलों में तापमान बढ़ सकता है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान 17°C रहने की उम्मीद है।

बिहार में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना

बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य है, लेकिन कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 11 मार्च के आसपास राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और खगड़िया जिलों में बारिश की संभावना है। इस दौरान करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान 19°C रहने का अनुमान है।

हिमाचल में अगले 4 दिनों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में जल्द ही मौसम बदल सकता है। हिमाचल प्रदेश में 7 से 10 मार्च के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी और मनाली जैसे क्षेत्रों में मौसम ठंडा रह सकता है। मनाली में अधिकतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखंड में भी 8 से 11 मार्च के बीच मौसम बदलने की संभावना है। देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। देहरादून में फिलहाल अधिकतम तापमान करीब 27°C और न्यूनतम तापमान 16°C रहने का अनुमान है।

राजस्थान में गर्मी का कहर

राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किए जा रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात और उससे सटे अरब सागर के ऊपर बने चक्रवाती तंत्र के कारण अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रह सकता है। राज्य के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में 8 से 10 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 40°C तक पहुंचने की संभावना है।

झारखंड में बदलेगा मौसम

झारखंड में फिलहाल गर्मी बढ़ने का अनुमान है, लेकिन 9 मार्च के बाद कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। रांची, पलामू, हजारीबाग और कोडरमा जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। रांची में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान करीब 11°C रहने का अनुमान है।

बंगाल में भई बारिश की संभावना

वहीं पश्चिम बंगाल में 8 से 11 मार्च के बीच बारिश की संभावना है। दार्जिलिंग, हुगली, मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान 21°C रहने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में मौसम का अपडेट

तमिलनाडु में भी अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है। हालांकि मन्नार की खाड़ी के पास बने दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 मार्च तक पश्चिमी घाट के जिलों और दक्षिणी तटीय इलाकों में हल्की बारिश संभव है। इसके अलावा तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ क्षेत्रों में 10 मार्च को मध्यम बारिश भी हो सकती है।
Tags:
  • Weather Update
  • मौसम अपडेट
  • Heatwave
  • गर्मी का मौसम
  • Temperature Forecast
  • Rainfall-runoff Himalayan catchments
  • snowfall in himalayas
  • Heatwave in Rajasthan
  • temperature crosses 40 degrees
  • Todays Weather Update