टूटेगा ‘हीट डोम’, पश्चिमी विक्षोभ देगा राहत, इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 70 किमी की रफ्तार तक चलेंगी हवाएं

Gaon Connection | Apr 29, 2026, 16:39 IST
Share
देश में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत में प्रवेश कर रहा है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से निजात मिलेगी। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम बदलेगा। कुछ राज्यों में अभी भी गर्मी और उमस बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने किया अलर्ट
मौसम विभाग ने किया अलर्ट
देश में जारी भीषण गर्मी के बीच अब राहत की उम्मीद दिखने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, देश पर बना ‘हीट डोम’ जो उच्च दबाव और शुष्क हवा का क्षेत्र है अब कमजोर पड़ने वाला है। प्रशांत महासागर में बन रहे अल नीनो के असर से यह स्थिति बनी थी, जिसने गर्म हवा को ऊपर उठने से रोककर जमीन के करीब फंसा दिया था। अब एक ठंडा पश्चिमी विक्षोभ ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होते हुए उत्तर पश्चिम भारत में प्रवेश करने वाला है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर, IMD ने जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD के अनुसार, यह पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार सुबह ईरान अफगानिस्तान सीमा पर सक्रिय था और धीरे धीरे पाकिस्तान होते हुए उत्तर पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से बारिश, गरज चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी बल्कि लंबे समय से जारी गर्मी से भी राहत मिलेगी।

पहाड़ों से मैदान तक बदलेगा मौसम

जम्मू कश्मीर में आज और कल, हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक और उत्तराखंड में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी, गरज चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले तीन दिनों के साथ सप्ताहांत तक बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में पांच दिन, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार दिन, पश्चिमी राजस्थान में दो दिन और पूर्वी राजस्थान में छह दिन तक मौसम सक्रिय रहेगा।

आंधी तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी

पंजाब और हरियाणा चंडीगढ़ क्षेत्र में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जो कुछ जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जम्मू कश्मीर में आज और हिमाचल व उत्तराखंड में आज और कल ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा कई इलाकों में तेज गर्जना और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

कुछ राज्यों में अभी भी रहेगा गर्मी और उमस का असर

हालांकि राहत से पहले कुछ इलाकों में गर्मी बनी रहेगी। विदर्भ, पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, गुजरात, रायलसीमा, छत्तीसगढ़ और उत्तर तेलंगाना में अभी कुछ दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं कोंकण और केरल में आज, जबकि गुजरात के तटीय इलाकों और तमिलनाडु में आज और कल उमस भरा मौसम बना रहेगा। ओडिशा में भी अगले चार दिनों तक गर्म और उमस वाला मौसम जारी रहने का अनुमान है।
Tags:
  • heat dome kya hai India
  • western disturbance kab aayega
  • IMD rain alert states list
  • aaj ka mausam India update
  • heatwave se kab milegi rahat
  • thunderstorm alert India today
  • north India rain forecast 2026
  • El Nino effect India weather
  • temperature kab kam hoga India
  • aandhi barish alert kaha kaha