Heatwave Alert: अगले पाँच दिन कई राज्यों में लू का ख़तरा, जानें किस तारीख को कहाँ लू का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

Gaon Connection | Apr 22, 2026, 18:30 IST
Share
देश के कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में लू चलने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में लू का अलर्ट
उत्तर भारत में लू का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और इसी के चलते भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए ऊष्ण लहर यानी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में लू चलने की प्रबल संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है।

किन राज्यों में कब चलेगी लू?

1- मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 और 25 अप्रैल को हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
2- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 और 25 अप्रैल को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 26 अप्रैल तक लू चलने की संभावना जताई गई है।
3- राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल, मध्य प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल तक गर्म हवाएं चल सकती हैं।
4- इसके अलावा गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में 22 और 23 अप्रैल को हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।

किन लोगों को ज्यादा खतरा?

IMD के अनुसार लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों, खेतों में काम करने वाले किसानों, मजदूरों और बाहर भारी काम करने वालों को सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
इसके अलावा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों पर गर्मी का असर ज्यादा पड़ सकता है। ऐसे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।

क्या सावधानियाँ बरतें?

मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप से बचने और शरीर को ठंडा रखने की सलाह दी है। कोशिश करें कि दोपहर के समय बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, चाहे प्यास लगे या नहीं। शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन से बचना बेहद जरूरी है।

क्या पिएं?

शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ORS, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, चावल का पानी (तोरानी) और घर के बने तरल पेय पदार्थों का सेवन करें। इससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और गर्मी का असर कम होता है।

किसानों और मजदूरों के लिए खास सलाह

जो लोग खेतों या निर्माण कार्य में लगे हैं, वे सिर ढककर काम करें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और बीच-बीच में छांव में आराम करें। बहुत अधिक गर्मी महसूस होने पर तुरंत काम रोक दें।

अगले कुछ दिन रहें सतर्क

देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का असर बना रह सकता है। ऐसे में लोग मौसम विभाग की अपडेट पर नजर रखें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
Tags:
  • IMD Heatwave Warning
  • दिल्ली गर्मी अलर्ट
  • राजस्थान लू चेतावनी
  • मध्य प्रदेश मौसम समाचार
  • पंजाब हरियाणा गर्मी
  • पश्चिम बंगाल हीटवेव
  • heatwave in India
  • गर्मी में क्या पिएं
  • dehydration prevention
  • ORS in summer