दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, कहीं भारी बारिश तो कहीं बाढ़ का खतरा; जानें 5 सितंबर तक मौसम का हाल

Gaon Connection | Sept 04, 2026, 11:15 IST
Share

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में 4-5 सितंबर को बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। यूपी के कुछ जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा है, जबकि मध्य प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार के चार जिलों में भारी बारिश और 17 जिलों में वज्रपात की चेतावनी है। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम चुनौतीपूर्ण रहेगा।

कहीं भारी बारिश तो कहीं बाढ़ का खतरा,
कहीं भारी बारिश तो कहीं बाढ़ का खतरा,
उत्तर भारत में मानसून की सक्रियता के बीच अगले दो दिनों तक कई राज्यों में मौसम का मिज़ाज बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 और 5 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज़ हवाएँ चलने और बिजली गिरने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के कुछ निचले इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और अगले 48 घंटे में 28 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

उत्तर प्रदेश में पिछले करीब एक सप्ताह से जारी बारिश अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के संकेत दे रही है, लेकिन दक्षिणी और बुंदेलखंड के कुछ जिलों में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा। लखनऊ और पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधि कम होने का अनुमान है, जबकि बांदा, चित्रकूट, कानपुर, हमीरपुर, ललितपुर और आगरा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार में भी मानसून सक्रिय है और गोपालगंज, सिवान तथा पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी है। मध्य प्रदेश में भी कई नदियां उफान पर हैं और कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को जलभराव, तेज़ हवाओं, बिजली गिरने और अचानक बाढ़ को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।

उत्तर प्रदेश में इन जिलों पर बारिश और फ्लैश फ्लड का खतरा

यूपी में 4 सितंबर को पश्चिमी हिस्से में व्यापक बारिश होने का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। महोबा, हमीरपुर और ललितपुर के निचले इलाकों में 4 सितंबर की शाम तक अचानक बाढ़ का मध्यम से कम खतरा बताया गया है। पूर्वी यूपी के बांदा और चित्रकूट के निचले इलाकों में भी फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।

शुक्रवार को बांदा, चित्रकूट, कानपुर नगर, कानपुर देहात, ललितपुर और आगरा समेत 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं शनिवार को चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, वाराणसी और हमीरपुर के आसपास हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लखनऊ और मध्य यूपी में अब बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। गुरुवार को लखनऊ में शाम चार बजे तक कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई और अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम रहा। करीब 40 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र का प्रभाव 7 सितंबर तक बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों के साथ तराई तथा पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बना रह सकता है। 8 सितंबर से मानसून की सक्रियता घटने और 15 सितंबर तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर थमने की संभावना है।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में 4 और 5 सितंबर को व्यापक बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पंजाब में भी इन दोनों दिनों के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते किसानों को खेतों में जलभराव से बचाव के उपाय करने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में पूर्वी हिस्से में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। 4 और 5 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की भी प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में भी अगले दो दिन मौसम चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 और 5 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर बारिश होने तथा कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड में आंधी-तूफ़ान, लगातार बिजली चमकने और बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में 4 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में 4 और 5 सितंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की आशंका है।

बिहार में चार जिलों में भारी बारिश, 17 जिलों में वज्रपात का खतरा

बिहार में मानसून सक्रिय बना हुआ है। अगले 24 घंटे में पटना समेत सभी जिलों में छिटपुट बारिश और उमस की स्थिति रह सकती है। हालांकि, गोपालगंज, सिवान, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के 17 जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे में पूर्णिया के भवानीपुर में 98.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सबसे अधिक रही, जबकि पटना के दुल्हिन बाजार में 65.2 मिमी बारिश हुई। किशनगंज में हवा की अधिकतम रफ्तार 52 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक और फतेहगढ़ के आसपास से होते हुए डाल्टेनगंज और दीघा तक बनी हुई है। उत्तरी उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश तक फैली द्रोणिका कमजोर हुई है, जिससे दक्षिण बिहार में बारिश की गतिविधियां घट सकती हैं, जबकि उत्तर बिहार में बारिश जारी रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को भी कई हिस्सों में बारिश जारी रही। इंदौर और सीहोर में सुबह से बारिश हुई, जबकि शाजापुर के अकोदिया और श्योपुर में भी पानी गिरा। भोपाल में बादल छाए रहे और गुरुवार-शुक्रवार की रात बारिश हुई। सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मंडला में नर्मदा नदी भी उफान पर है। छतरपुर, पन्ना और मैहर समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। छतरपुर के जटाशंकर धाम में झरना भी बहने लगा है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। शिवपुरी, गुना, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, रीवा, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, रतलाम, हरदा, मुरैना, जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में कहीं तेज़ तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 सितंबर को मध्य प्रदेश में मौसम तंत्र की सक्रियता ज्यादा रहने का अनुमान है। 6 और 7 सितंबर को भी ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज़ बारिश हो सकती है।
Tags:
  • UP Weather
  • Delhi Weather
  • Heavy Rain Alert
  • IMD Weather Forecast
  • Madhya Pradesh Rain
  • Bihar Weather
  • Rajasthan Rain
  • Uttarakhand Weather
  • Himachal Pradesh Rain
  • Flash Flood Alert