हाथ में होगी 'किसान मित्र छड़ी' तो पास नहीं भटकेंगे सांप, जानें कैसे काम करती है यह 'जादुई छड़ी'
Gaon Connection | Apr 13, 2026, 12:56 IST
किसानों की सुरक्षा के लिए भारतीय वैज्ञानिकों ने एक नई 'किसान मित्र छड़ी' विकसित की है। यह छड़ी 100 मीटर दूर से ही सांपों का पता लगा सकती है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस तकनीक की जानकारी दी। यह छड़ी कंपन करके किसानों को खतरे से आगाह करती है।
‘किसान मित्र छड़ी’ के बारे में जानकारी देते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
देश में हर साल सांपों के काटने की घटनाएं किसानों के लिए बड़ी चिंता बनी रहती हैं, खासकर तब जब वे रात में खेतों में सिंचाई या काम के लिए जाते हैं। ऐसे में अब भारतीय वैज्ञानिकों ने एक अनोखी तकनीक विकसित की है, जो किसानों को सांप और अन्य जहरीले जीवों से बचाने में मदद करेगी। इस नई खोज का नाम ‘किसान मित्र छड़ी’ है, जो करीब 100 मीटर दूर से ही सांपों की मौजूदगी का पता लगा सकती है। रायसेन के उन्नत कृषि महोत्सव में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस छड़ी के बारे में लोगों को जानकारी दी।
मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित उन्नत कृषि महोत्सव में इस खास उपकरण की जानकारी देते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “कई बार किसान रात में खेतों में पानी लगाने जाते हैं और ऐसी घटनाएं होती हैं कि सांप काट लेता है। यह किसान मित्र छड़ी ऐसी दुर्घटनाओं से बचाने में मदद कर सकती है।” उन्होंने बताया कि यह छड़ी सामान्य डंडे जैसी दिखती है, लेकिन इसमें एक विशेष तकनीक लगी है। छड़ी का उपयोग बेहद आसान है। किसान जब खेत या जंगल में जाएं, तो इसे जमीन पर रखकर बटन दबाना होता है। अगर आसपास सांप या कोई जहरीला जीव मौजूद होता है, तो यह छड़ी तेज कंपन करने लगती है। इसके जरिए किसान को पहले ही खतरे का संकेत मिल जाता है और वह सतर्क होकर उस जगह से दूर रह सकता है। मंत्री ने कहा, “जैसे ही छड़ी कंपन करती है, किसान समझ जाता है कि यहां खतरा हो सकता है और वह सावधानी बरत सकता है।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में हर साल 30 से 40 लाख तक सांप काटने के मामले सामने आते हैं, जिनमें करीब 58 हजार लोगों की मौत हो जाती है। इनमें बड़ी संख्या किसानों की होती है। देश में करीब 350 प्रकार के सांप पाए जाते हैं, जिनमें से लगभग 10 प्रतिशत ही जहरीले होते हैं, लेकिन समय पर इलाज न मिलने पर ये जानलेवा साबित हो सकते हैं।
ऐसे में ‘किसान मित्र छड़ी’ किसानों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकती है। यह न केवल उनकी सुरक्षा बढ़ाएगी, बल्कि खेतों में काम करते समय उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करेगी।
कैसे काम करती है 'किसान मित्र छड़ी'
किसान मित्र छड़ी : किसानों की सुरक्षा का भरोसा...
हमारे किसान साथियों को रात के समय खेतों में पानी देते हुए कई तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है; विशेषकर जहरीले जीवों जैसे सांप का डर हमेशा बना रहता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए किसान मित्र छड़ी तैयार की गई है। यह छड़ी साँप… pic.twitter.com/N3nNeAImbI
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) April 12, 2026
भारत के हर साल सांपों के काटने से कितने लोग मरते हैं?
ऐसे में ‘किसान मित्र छड़ी’ किसानों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकती है। यह न केवल उनकी सुरक्षा बढ़ाएगी, बल्कि खेतों में काम करते समय उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करेगी।