आज का मौसम: 26 से 29 मार्च तक फिर से आंधी-तूफान, बारिश और गर्मी का अलर्ट

Gaon Connection | Mar 24, 2026, 10:20 IST
Share
आज मौसम के बदलने का अनुमान है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में हलचल मचने वाली है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते, उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में आंधी और भारी बरसात की चेतावनी जारी की गई है।
बारिश से होगी मार्च की विदाई
बारिश से होगी मार्च की विदाई
देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में आंधी, तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली, राजस्थान, बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने की आशंका है।

इन जगहों पर 26 से 29 मार्च के बीच तेज हवाएं, गरज के साथ बौछारें और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। साथ ही, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी जारी रहेगी। इसके अलावा, दिन के तापमान में भी काफी बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।

26 से 28 फिर बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च से सक्रिय होगा, जबकि दूसरा 28 मार्च की रात से असर दिखाएगा। इन विक्षोभों के प्रभाव से 26 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मौसम खराब होगा। यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

28 मार्च को आंधी तूफान

इसी तरह का आंधी-तूफान वाला मौसम राजस्थान में 28 मार्च को देखने को मिलेगा। इसके बाद 29 मार्च को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है।

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों के लिए भी मौसम विभाग ने खास चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 26 और 27 मार्च को बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, बिहार में 26 और 27 मार्च को 30 से 50 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। झारखंड में 27 और 28 मार्च को आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में तो 24 मार्च को ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट दिया गया था।

पहाड़ों पर बिगड़ेगा मौसम

पहाड़ों पर भी मौसम साफ नहीं रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश में 26 मार्च और उत्तराखंड में 27 मार्च को तूफान और बारिश की संभावना है। इसके बाद 29 मार्च को पूरे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।

इन जगहों पर बढ़ेगा तापमान

बारिश के साथ-साथ तेज गर्मी भी सताएगी। आंधी-बारिश के बीच दिन के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा। वहीं, मध्य भारत में अगले तीन दिनों में पारा 2 से 4 डिग्री तक चढ़ जाएगा। पूर्वी भारत के राज्यों (बिहार, झारखंड, बंगाल) में अगले चार दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री की भारी वृद्धि होगी, जिससे लोगों को तेज उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
Tags:
  • Weather Alert India
  • आंधी तूफान का अलर्ट
  • Storm and Rain Forecast
  • बारिश और ओलावृष्टि
  • Heatwave Alert
  • IMD warning
  • weather of march
  • 26-29 मार्च कैसा रहेगा मौसम