Mission Shakti App: महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा अब एक क्लिक की दूरी पर, जानिए कौन-कौन सी हेल्पलाइन मिलेंगी एक ही ऐप में, कैसे करेगा मदद

Mansi | Aug 01, 2026, 15:03 IST
Share

केंद्र सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति ऐप को मजबूत करने का कार्य कर रही है। यह ऐप न केवल सुरक्षा, बल्कि सशक्तिकरण के प्रति सरकार की गंभीरता को भी प्रकट करता है। इस ऐप के माध्यम से कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाएँ एकसाथ उपलब्ध हैं, जिससे आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करना और भी आसान हो जायेगा।

मिशन शक्ति ऐप महिलाओं और बच्चों के लिए ज़रूरी है हेल्पलाइन सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराता है
मिशन शक्ति ऐप महिलाओं और बच्चों के लिए ज़रूरी है हेल्पलाइन सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराता है
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी सरकारी सेवाओं तक आसान और त्वरित पहुँच सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने मिशन शक्ति ऐप को बढ़ावा देने की पहल तेज़ कर दी है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने देशवासियों से इस ऐप को डाउनलोड करने और इसकी जानकारी अपने परिवार, दोस्तों तथा परिचितों तक पहुँचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह ऐप महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को मज़बूत करता है।

PIB द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मिशन शक्ति ऐप के माध्यम से कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया गया है। इससे आपातकालीन स्थिति में लोगों को अलग-अलग नंबर खोजने की आवश्यकता नहीं होगी और ज़रूरी सहायता तक तुरंत पहुँचा जा सकेगा।

क्या है मिशन शक्ति ऐप

मिशन शक्ति ऐप महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की पहल है। इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सहायता, अधिकारों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुँचाना है। ऐप में आपातकालीन सहायता के साथ-साथ कानूनी मदद, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण और मातृत्व योजनाओं जैसी सुविधाओं की जानकारी भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई है। एक ही ऐप में मिलेंगी कई ज़रूरी हेल्पलाइन सेवाएँ
मिशन शक्ति ऐप में कई अहम हेल्पलाइन नंबर एकीकृत किए गए हैं। इनमें शामिल हैं—
181 – महिला हेल्पलाइन
112 – आपातकालीन सेवा
1515 – पोषण एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) हेल्पलाइन
1930 – राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन
15100 – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) से कानूनी सहायता
14416 – टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
इन सभी सेवाओं तक एक ही प्लेटफ़ॉर्म से पहुँच संभव होगी।

आपातकाल में कैसे करेगा मदद?

यदि किसी महिला या बच्चे को हिंसा, उत्पीड़न, साइबर अपराध, कानूनी सहायता या मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी मदद की आवश्यकता हो, तो मिशन शक्ति ऐप के माध्यम से संबंधित हेल्पलाइन तक तुरंत पहुँचा जा सकता है। इससे सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तेज़ और आसान होने की उम्मीद है।

केंद्र सरकार की मिशन शक्ति योजना का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस योजना के दो प्रमुख घटक हैं 'संबल', जो महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण पर केंद्रित है, तथा 'समर्थ्य', जिसके माध्यम से महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जाता है। इन घटकों के तहत वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत, शक्ति सदन, सखी निवास, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और अन्य पहलें संचालित की जाती हैं।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने नागरिकों से अपील की है कि वे मिशन शक्ति ऐप डाउनलोड करें और इसकी जानकारी अपने परिवार, मित्रों तथा परिचितों के साथ साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग ज़रूरत पड़ने पर इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से सुरक्षा सेवाओं तक आसान पहुँच महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Tags:
  • Mission Shakti App
  • Women Safety App
  • Mission Shakti Scheme
  • Women Helpline 181
  • Emergency Helpline 112
  • Child Helpline 1098
  • PMMVY Helpline
  • NALSA Legal Aid
  • Tele MANAS Helpline
  • Women and Child Development Ministry