Ground Report: सैलाब के बाद मलबे में जिंदगी की खोज, 'गाँव कनेक्शन' की नजर से नेपाल का खौफनाक मंजर

Mansi | Aug 31, 2026, 15:45 IST
Share

नेपाल में आई इस भीषण बाढ़ ने एक भयंकर आपदा का रूप ले लिया है, जिसने अनेक क्षेत्रों में तबाही मचाई है। लाखों लोग बेघर हो गए हैं और जीवन की दैनिक गतिविधियाँ बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। मलबे में दबे लोग अपने परिवार वालों को खोज रहे हैं, और धोस्त इमारतों के बीच, दैनिक जीवन को पुनर्स्थापित करने में जुटे हुए हैं।

नेपाल में जलप्रलय के बाद की जमीनी हकीकत
नेपाल में जलप्रलय के बाद की जमीनी हकीकत
नेपाल में आई भीषण अचानक बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। जहाँ कभी चहल-पहल वाले बाज़ार, पक्के मकान और बस्तियाँ थीं, वहाँ अब सिर्फ़ कीचड़, मलबा और उजड़े हुए आशियाने नज़र आ रहे हैं। इस जलप्रलय ने हज़ारों लोगों को बेघर कर दिया है और सड़कें मलबे में दब जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।

गाँव कनेक्शन की टीम ने नेपाल में बाढ़ के बाद मौके पर पहुँचकर अपने कैमरों में तबाही और उससे जूझते लोगों की ये मार्मिक तस्वीरें कैद की हैं। तस्वीरों में क़ैद हुआ यह मंज़र सिर्फ़ भौतिक तबाही का नहीं, बल्कि उन नम आँखों और खामोश चेहरों का दर्द है जो मलबे के बीच से अपनी बची-खुची ज़िंदगी को फिर से समेटने की जद्दोजहद में जुटे हैं।

दीवार पर लगी लापता लोगों की सूचियाँ में अपनों को तलाशते लोग
दीवार पर लगी लापता लोगों की सूचियाँ में अपनों को तलाशते लोग
दीवार पर सैकड़ों गुमशुदा लोगों की सूचियाँ और तस्वीरें चस्पा हैं। सिर पर पट्टी बांधे और लाल शॉल लपेटे महिला की नम आँखें उस हताशा और दर्द को बयाँ कर रही हैं, जहाँ हर उंगली एक नाम पर रुककर किसी अपने के सुरक्षित होने की उम्मीद तलाशती है।

तबाही के बीच अपनों का टूटता हौसला
तबाही के बीच अपनों का टूटता हौसला
सड़क पर बेसुध पड़ी युवती को संभालते परिजन आपदा के गहरे सदमे को दिखा रहे हैं। रोते-बिलखते चेहरों को ढांढस बंधाने की हर कोशिश इस अचानक आई त्रासदी के दर्द के आगे छोटी पड़ रही है।

मलबे के सामने खड़ी जिंदगी
मलबे के सामने खड़ी जिंदगी
बाढ़ के तेज़ बहाव ने कंक्रीट के मकानों के निचले हिस्से को बहा दिया है, जिससे इमारतें हवा में टिकी हुई खड़ी हैं। नीचे जमा भारी गाद और मलबा उस भयानक मंज़र की गवाही दे रहे हैं।

उलझे तारों के बीच ध्वस्त बुनियादी ढाँचा
उलझे तारों के बीच ध्वस्त बुनियादी ढाँचा
बिजली का खंभा मलबे में दबकर झुक चुका है और उस पर लगे तारों का उलझा जाल चारों तरफ़ बिखरा है। यह दृश्य बताता है कि बाढ़ ने न केवल घरों को तोड़ा है, बल्कि पूरे इलाके के संपर्क तंत्र को भी ठप कर दिया है।

कीचड़ से पटी गलियों में बेबस कदम
कीचड़ से पटी गलियों में बेबस कदम
बाज़ार की संकरी गलियों में कई फीट कीचड़ जम चुका है और दुकानों के शटर टूटकर लटक गए हैं। सन्नाटे और मलबे के बीच से रास्ता निकालते लोग यह सोचने पर मजबूर हैं कि ज़िंदगी कैसे दोबारा पटरी पर लौटेगी।

मलबे के बीच बही गृहस्थी
मलबे के बीच बही गृहस्थी

रेत और मलबे के समंदर के बीच आधा दबा लकड़ी का संदूक यह बयाँ करता है कि पानी का सैलाब लोगों की पूरी ज़िंदगी की जमा-पूंजी और यादों को एक झटके में अपने साथ बहा ले गया।

खंडहर में तब्दील हुए आशियाने
खंडहर में तब्दील हुए आशियाने
पहाड़ियों की तलहटी में बने पक्के मकान मलबे के भारी दबाव से टूटकर ढह चुके हैं। जो छतें कभी सुरक्षा का भरोसा देती थीं, आज वे सिर्फ़ कंक्रीट और ईंटों का ढेर बनकर रह गई हैं।


Photos: Manish Mishra & Salman
Tags:
  • Nepal Flood
  • नेपाल में बाढ़
  • Natural Disaster Nepal
  • भीषण तबाही
  • Flood Devastation
  • Rescue Efforts
  • Disaster
  • गाँव कनेक्शन
  • Devastation
  • मलबा