Noida Jewar International Airport: पीएम मोदी बोले-किसानों के सहयोग से बदलेगा पश्चिमी यूपी का भविष्य
Gaon Connection | Mar 28, 2026, 14:24 IST
Jewar International Airport के पहले चरण के उद्घाटन को सरकार क्षेत्रीय विकास, कनेक्टिविटी और कृषि अर्थव्यवस्था के लिहाज से अहम मान रही है। इस परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग और निर्यात से जुड़े क्षेत्रों में तेजी आने की संभावना है, जिसका सीधा लाभ किसानों और स्थानीय उद्योगों को मिल सकता है।
Noida Jewar International Airport inaugurated
Noida Jewar International Airport: उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। बताया जा रहा है कि ये एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जिससे IGI एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। इस मौके पर नरेंद्र मोदी ने परियोजना को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया और खास तौर पर उन किसानों का आभार जताया, जिन्होंने इस परियोजना के लिए अपनी जमीन दी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में किसानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसानों के योगदान से ही इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को संभव बनाया जा सका है। पीएम मोदी ने ये भी कहा कि यह एयरपोर्ट सिर्फ एक यातायात सुविधा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए विकास का नया अध्याय लेकर आएगा। इसके जरिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि आधुनिक कनेक्टिविटी के विस्तार से फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब यहाँ के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
अपने भाषण में पीएम मोदी ने गन्ना किसानों की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा उत्पादित गन्ने से बने एथेनॉल ने देश की कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने में अहम योगदान दिया है। प्रधानमंत्री के अनुसार, यदि एथेनॉल उत्पादन और पेट्रोल में उसकी ब्लेंडिंग नहीं बढ़ाई जाती, तो देश को हर साल करीब 4.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल आयात करना पड़ता। उन्होंने बताया कि एथेनॉल के चलते लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में गन्ना किसानों की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने पुराने समय का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब किसानों के भुगतान वर्षों तक लंबित रहते थे। उन्होंने दावा किया कि अब सरकारी प्रयासों से किसानों को समय पर भुगतान मिलने लगा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन को सरकार क्षेत्रीय विकास, कनेक्टिविटी और कृषि अर्थव्यवस्था के लिहाज से अहम मान रही है। इस परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग और निर्यात से जुड़े क्षेत्रों में तेजी आने की संभावना है, जिसका सीधा लाभ किसानों और स्थानीय उद्योगों को मिल सकता है।