असम को पीएम मोदी का बड़ा तोहफा: 4,570 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत, गांवों की सड़कें होंगी बेहतर

Gaon Connection | Mar 13, 2026, 18:11 IST
Share
पीएम मोदी नेअसम के कोकराझार जिले के लिए 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। भारी बारिश के कारण पीएम मोदी का कोकराझार दौरा रद्द हो गया था, जिसके बाद उन्होंने गुवाहाटी से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जरिए इन बड़ी योजनाओं की शुरुआत की। राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले दी गई इस सौगात से गाँवों और किसानों को सीधा फायदा पहुँचने की उम्मीद है।
असम को पीएम मोदी का बड़ा तोहफा
असम को पीएम मोदी का बड़ा तोहफा
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने असम के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की है। अपने दो दिवसीय असम दौरे के दौरान उन्होंने राज्य के कोकराझार में करीब 4,570 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य सड़क, रेल और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाना है।

इन परियोजनाओं में खास तौर पर सड़क और परिवहन से जुड़ी योजनाओं पर जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे उत्तर-पूर्व क्षेत्र में रेल संपर्क और मजबूत होगा। नई ट्रेनों से यात्रियों के साथ-साथ व्यापार और माल परिवहन को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

तीन नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें भी दीं। उन्होंने तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें

कामाख्या–चरलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस

गुवाहाटी–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस

नारंगी–अगरतला एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा कोकराझार जिले के बाशबारी इलाके में रेलवे के रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए एक पीरियोडिक ओवरहॉलिंग वर्कशॉप की आधारशिला भी रखी गई।

असम माला 3.0 से मजबूत होगी ग्रामीण कनेक्टिविटी

प्रधानमंत्री ने “असम माला 3.0” सड़क परियोजना की भी शुरुआत की। इस योजना के तहत राज्य में 900 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें सीधे राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ेंगी, जिससे गाँवों से शहरों और दूसरे राज्यों तक पहुँच आसान हो जाएगी।

1,100 करोड़ से बनेंगे नए फ्लाईओवर और पुल

Kokrajhar जिले के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने Bodoland Territorial Council क्षेत्र में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चार फ्लाईओवर और दो पुलों की परियोजनाओं का भूमि पूजन भी किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने के साथ-साथ किसानों, मरीजों और पर्यटकों की आवाजाही भी आसान होगी।

चुनाव से पहले विकास पर जोर

असम में इस साल अप्रैल के आसपास विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में इन विकास परियोजनाओं को राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी माहौल में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वर्तमान में राज्य में Bharatiya Janata Party की सरकार है, जो लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। इन परियोजनाओं से उम्मीद है कि असम के ग्रामीण इलाकों में सड़क, रेल और परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी, जिससे किसानों, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

सरकार का कहना है कि इन विकास कार्यों से बोडोलैंड क्षेत्र और आसपास के जिलों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, साथ ही लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था से गांवों के लोगों को शहरों और बाजारों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
Tags:
  • PM Modi Assam Visit
  • पीएम मोदी असम दौरा
  • Assam Development Projects
  • असम विकास परियोजनाएं
  • Road Infrastructure Assam