पीएम मोदी की अपील के बावजूद सोना-चाँदी की कीमतों में बंपर उछाल, एक दिन में ₹11620 चढ़ी चाँदी, जानिए नए रेट

Umang | May 12, 2026, 17:24 IST
Share
मंगलवार को सोना और चांदी की कीमतों में भारी उछाल आया है। वैश्विक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से भाव तेजी से ऊपर चढ़े हैं। चांदी में ₹11,620 प्रति किलो का इजाफा हुआ है, वहीं सोना ₹1,592 महंगा हुआ है। निवेशक गोल्ड और सिल्वर की ओर लौट रहे हैं।
Gold Silver Price Today 12 May
Gold Silver Price Today 12 May
देश में सोना और चांदी की कीमतों में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। वैश्विक तनाव, निवेशकों की बढ़ती खरीदारी और बाजार में सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के बीच सोना-चांदी के भाव तेजी से ऊपर पहुंचे हैं। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील के बावजूद बाजार में तेजी थमती नजर नहीं आ रही। पीएम मोदी ने हाल में लोगों से गैरजरूरी खर्च और सोने जैसी चीजों की खरीद में सावधानी बरतने की अपील की थी, लेकिन इसके बावजूद सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड तेजी बनी हुई है।

कितनी बढीं कीमतें

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा रेट के मुताबिक चांदी की कीमत में एक ही दिन में ₹11,620 प्रति किलो का बड़ा उछाल आया है। इसके बाद एक किलो चांदी का भाव करीब ₹2.68 लाख तक पहुंच गया है। वहीं 24 कैरेट सोना ₹1,592 महंगा होकर ₹1,51,954 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। बाजार जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, शेयर बाजार की कमजोरी और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से निवेशक तेजी से गोल्ड और सिल्वर की ओर लौट रहे हैं।

प्रमुख जगहों के रेट

शहर24 कैरेट सोना (10 ग्राम)
चेन्नई₹1,56,330
जयपुर₹1,54,130
दिल्ली₹1,54,130
लखनऊ₹1,54,130
पटना₹1,54,030
अहमदाबाद₹1,54,030
भोपाल₹1,54,030
मुंबई₹1,53,980
रायपुर₹1,53,980
कोलकाता₹1,53,980
स्रोत: IBJA, Goodreturns

ऑल टाइम हाई के करीब पहुंचा सोना

सर्राफा बाजार में सोना अब अपने ऑल टाइम हाई के काफी करीब पहुंच चुका है। बाजार के आंकड़ों के अनुसार मौजूदा रेट रिकॉर्ड स्तर से करीब ₹24 हजार नीचे हैं। वहीं चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल देखा जा रहा है और यह अपने उच्चतम स्तर की ओर बढ़ती नजर आ रही है। निवेशकों को लग रहा है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में सोना और महंगा हो सकता है।

आखिर क्यों बढ़ रहे हैं सोने-चांदी के दाम?

विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव, ईरान से जुड़े हालात और वैश्विक बाजारों में बढ़ती अनिश्चितता का असर सीधे सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ रहा है। जब दुनिया में आर्थिक या युद्ध जैसे हालात बनते हैं, तब निवेशक शेयर बाजार और जोखिम वाले निवेश से पैसा निकालकर सोने जैसी सुरक्षित संपत्तियों में लगाना शुरू कर देते हैं। यही वजह है कि हाल के दिनों में गोल्ड और सिल्वर की मांग तेजी से बढ़ी है। इसके अलावा डॉलर की चाल, कच्चे तेल की कीमतें और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुलियन ट्रेडिंग भी भारतीय बाजार के भाव तय करने में बड़ी भूमिका निभाती है।

अलग-अलग शहरों में अलग क्यों होते हैं सोने के दाम?

हालांकि सोने का बेस प्राइस लगभग पूरे देश में एक जैसा रहता है, लेकिन अलग-अलग शहरों में अंतिम कीमत बदल जाती है। इसकी वजह लोकल टैक्स, ट्रांसपोर्ट खर्च, बीमा, ज्वैलर्स का मार्जिन और मेकिंग चार्ज होते हैं। शादी और त्योहार के सीजन में कुछ शहरों में मांग ज्यादा होने पर भी कीमतों में अंतर दिखाई देता है। चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और जयपुर जैसे बड़े बाजारों में लोकल खर्च और मांग के हिसाब से भाव थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकते हैं।

दिन में दो बार जारी होते हैं रेट

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) दिन में दो बार सोने-चांदी के रेट जारी करता है। पहला अपडेट दोपहर करीब 12 बजे और दूसरा शाम के समय जारी किया जाता है। देशभर के सर्राफा बाजार में इन्हीं रेट्स को रेफरेंस के तौर पर देखा जाता है।
Tags:
  • gold price today
  • silver price today
  • gold price in india
  • IBJA gold rate today gold price
  • latest gold rate
  • silver price increase
  • gold silver news
  • gold all time high
  • gold investment news
  • gold price update