खेती से तगड़ी कमाई; 1 एकड़ पॉलीहाउस से सालाना करें 10 लाख तक की इनकम, जानें कितना आता है खर्च

Gaon Connection | Apr 07, 2026, 14:33 IST
Share
आज के युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं। पॉलीहाउस खेती उनके लिए कमाई का नया रास्ता खोल रही है। इसमें उन्नत तकनीक से फसलें उगाई जाती हैं, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बेहतर होती है। खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च जैसी फसलों की सालभर मांग रहती है। मौसम का इस पर ज्यादा असर नहीं पड़ता।
पॉलीहाउस खेती
पॉलीहाउस खेती
आज के समय में नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए खेती एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रही है। खासतौर पर पॉलीहाउस खेती ने किसानों और युवाओं दोनों के लिए कमाई के नए रास्ते खोल दिए हैं। पारंपरिक खेती की तुलना में पॉलीहाउस में उन्नत तकनीक के जरिए फसल उगाई जाती है, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बेहतर होती है। खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च, चेरी टमाटर और फूलों जैसी फसलों की सालभर मांग रहती है, जिससे किसानों को अच्छी कीमत मिलती है। यही वजह है कि अब कई लोग नौकरी छोड़कर या नौकरी न मिलने पर इस दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

कितना आता है खर्च

पॉलीहाउस लगाने में शुरुआती लागत ज़रूर ज्यादा होती है, लेकिन सरकार इसमें किसानों को सब्सिडी भी देती है। देश में एक एकड़ पॉलीहाउस लगाने का खर्च तकनीक के हिसाब से करीब 32 लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये या उससे ज्यादा तक हो सकता है। लो-टेक और मीडियम-टेक पॉलीहाउस में लागत कम होती है, जबकि हाई-टेक पॉलीहाउस में ऑटोमेटिक सिस्टम और क्लाइमेट कंट्रोल होने के कारण खर्च ज्यादा आता है। हालांकि, सरकार की 50% तक सब्सिडी मिलने से यह लागत काफी कम हो जाती है, जिससे किसान इसे आसानी से अपना सकते हैं।

पॉलीहाउस का प्रकारविशेषताएँदर (₹/वर्ग मीटर)1 एकड़ की लागत (₹ लाख में)
हाई-टेक पॉलीहाउसपूरी तरह स्वचालित, सेंसर आधारित क्लाइमेट कंट्रोल1500 – 350060.7 – 101.6
मीडियम-टेक पॉलीहाउसअर्ध-स्वचालित, फैन और पैड से तापमान नियंत्रण800 – 110032.3 – 44.5
कम लागत वाला पॉलीहाउसप्राकृतिक वेंटिलेशन, फॉगर, शेड नेट450 – 75018.2 – 30.3
शेड नेट हाउसअलग-अलग शेडिंग, GI पाइप/बाँस/कंक्रीट स्ट्रक्चर350 – 7001.41 – 2.83
वॉक-इन टनलGI/प्लास्टिक पाइप या बाँस से बना ढांचा~60024.28
लो टनलGI वायर या बाँस का साधारण ढांचा~60बहुत कम (छोटे स्तर पर उपयोग)

कितनी होगी कमाई

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के किसान बलविंदर सिंह इसका सफल उदाहरण हैं। उन्होंने 'गाँव कनेक्शन' को बताया कि उन्होंने एक एकड़ में पॉलीहाउस लगाकर लाल और पीली शिमला मिर्च की खेती शुरू की। इस खेती में करीब 14,000 पौधे लगाए गए, जिनसे 8–9 महीने में 22 से 25 टन तक उत्पादन मिलता है। बाज़ार में इसकी कीमत ₹70 से ₹400 प्रति किलो तक रहती है, जबकि औसतन ₹100–110 प्रति किलो का भाव मिल जाता है। इस हिसाब से एक फसल में करीब ₹5 लाख तक की आय हो सकती है, जबकि सालभर में अलग-अलग फसलें लेकर कमाई 10 लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकती है।

मौसम का ज़्यादा असर नहीं पड़ता

पॉलीहाउस खेती में मौसम का ज्यादा असर नहीं पड़ता, क्योंकि इसमें तापमान और नमी को नियंत्रित किया जाता है। गर्मियों में फॉगर से नमी बनाए रखते हैं, जबकि सर्दियों में तापमान संतुलित रखा जाता है। हालांकि, इसमें कुछ चुनौतियां भी हैं, जैसे कीट नियंत्रण और शुरुआती निवेश। लेकिन सही जानकारी, तकनीक और प्रबंधन के साथ किसान इस खेती से अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। यही कारण है कि पॉलीहाउस खेती आज के समय में रोजगार और आय का एक मजबूत विकल्प बनती जा रही है।
Tags:
  • पॉलीहाउस खेती
  • पॉलीहाउस से कमाई
  • 1 एकड़ खेती से 10 लाख
  • polyhouse farming income India
  • 1 acre polyhouse profit
  • polyhouse farming cost India
  • high tech farming India
  • polyhouse subsidy India