यूपी में अग्निकांड, ओलावृष्टि और बारिश से तबाह फसल को लेकर राहत तेज, हज़ारों किसानों को मिला मुआवजा
Gaon Connection | Apr 30, 2026, 18:21 IST
उत्तर प्रदेश में खराब मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन तेजी से फसल नुकसान का आकलन कर रहा है। अग्निकांड, ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। कई जिलों में किसानों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है।
CM Yogi Adityanath
उत्तर प्रदेश में खराब मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के लिए राहत की रफ्तार तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने फील्ड में सक्रिय होकर फसल नुकसान का आकलन और मुआवजा वितरण शुरू कर दिया है, ताकि कोई भी किसान सहायता से वंचित न रह जाए।
प्रदेश में इस साल अग्निकांड की घटनाओं से बाराबंकी, बलिया, बांदा, महराजगंज, मथुरा, पीलीभीत, रामपुर और सोनभद्र समेत 8 जिलों में करीब 111.134 हेक्टेयर फसल नुकसान दर्ज हुआ है। इन घटनाओं से प्रभावित 668 किसानों में से अब तक 51 किसानों को 1.81 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि दी जा चुकी है।
ओलावृष्टि के कारण सबसे ज्यादा नुकसान सामने आया है। मथुरा, जालौन, हरदोई, बुलंदशहर, औरैया, संभल, शाहजहांपुर, आगरा, अलीगढ़, कन्नौज, ललितपुर, सहारनपुर और उन्नाव सहित 13 जिलों में करीब 38,369 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। इस आपदा से प्रभावित 1.07 लाख किसानों में से अब तक करीब 23,983 किसानों को 14.92 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
अतिवृष्टि के चलते कानपुर देहात, शाहजहांपुर, रामपुर, जालौन, बुलंदशहर, गोंडा, मथुरा, पीलीभीत और सहारनपुर समेत 9 जिलों में 1,358 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हुई है। यहां 3,920 प्रभावित किसानों में से 1,849 किसानों को करीब 1.09 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है।
सरकार की ओर से फसल नुकसान का आकलन तेजी से किया जा रहा है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शेष किसानों को भी जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि किसान समय पर राहत पाकर अगली फसल की तैयारी बिना किसी बाधा के कर सकें।