दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दी दस्तक, अरब सागर से अंडमान तक बढ़ी हलचल; IMD ने बताया आगे का अपडेट
Gaon Connection | May 16, 2026, 15:59 IST
देश में भीषण गर्मी के बीच मानसून को लेकर राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मानसून की दस्तक
देश में भीषण गर्मी के बीच मानसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, पूरे निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़त बना ली है। मानसून श्री विजयपुरम तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों के दौरान मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस दौरान दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकता है। IMD ने कहा कि अंडमान द्वीप समूह के बाकी हिस्सों, अंडमान सागर और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ इलाकों में भी अगले कुछ दिनों में मानसून पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सभी जरूरी मानक पूरे हो चुके हैं। इसी वजह से मानसून ने तय समय से पहले रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है।
इससे पहले शुक्रवार को IMD ने कहा था कि इस साल केरल में मानसून सामान्य से पहले 26 मई तक दस्तक दे सकता है। आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून को पहुंचता है और इसी के साथ देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन की आधिकारिक शुरुआत मानी जाती है।
हालांकि मौसम विभाग ने पहले यह भी अनुमान जताया था कि इस बार मानसून सीजन के दौरान देश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इसके पीछे अल नीनो परिस्थितियों के बनने की आशंका को बड़ा कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक अल नीनो की स्थिति बनने पर भारत में मानसून कमजोर पड़ने और बारिश कम होने की संभावना बढ़ जाती है।