UP Budget 2026: AI और नई तकनीकों का साथ, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य पर फोकस
Preeti Nahar | Feb 11, 2026, 13:14 IST
उत्तर प्रदेश सरकार ने 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। इसमें निवेश और रोजगार बढ़ाने पर ध्यान दिया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता दी गई है। बजट में कहा गया कि प्रदेश में नई टेक्नोलॉजी मिशन और टेक युवा योजनाएँ शुरू होंगी। महिला उद्यमियों और किसानों के लिए भी नई योजनाएं लाई जा रही हैं। जानिए आपके लिए बजट में क्या कुछ है ख़ास
उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-2027 का 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस बजट में निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आम लोगों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं पर फोकस किया गया। बजट में बताया गया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को केंद्र में रखकर बजट की दिशा तय की गई है।
प्रदेश सरकार ने तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। वित्त मंत्री ने ऐलान किया है कि राज्य में 'नयी और उभरती टेक्नोलॉजी मिशन' और 'टेक युवा-समर्थ युवा योजना' शुरू की जाएगी। इसका मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी नई तकनीकों को विकास का आधार बनाना और युवाओं को आधुनिक कौशल से लैस करना है। क्योंकि आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अन्य नई तकनीकों का इस्तेमाल बहुत जरूरी हो गया है। बजट में बताया गया कि इस योजना से प्रदेश के नौजवान आधुनिक तकनीकों में माहिर बन सकेंगे।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। 'मुख्यमंत्री मातृ सुरक्षा संकल्प योजना' को और बड़े पैमाने पर लागू किया जाएगा, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सके। महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए 'मुख्यमंत्री महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना' पर काम चल रहा है। इस योजना के तहत, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लिए बाजार की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें उनके उत्पादों का सही दाम मिल सके।
किसानों के लिए भी अच्छी खबर है। खेती को सस्ता और टिकाऊ बनाने के लिए डीजल से चलने वाले नलकूपों को सौर ऊर्जा से चलाने की योजना पर काम हो रहा है। इससे किसानों का खर्च कम होगा और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा। साथ ही, कृषि उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने में मदद करने के लिए एक नई योजना लाई जाएगी। इससे ग्रामीण किसानों को अपने उत्पादों को बेचने के लिए एक बड़ा मंच मिलेगा।
साथ बी बजट में बताया गया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए 'सिटी इकोनॉमिक रीजन' योजना का प्रस्ताव रखा गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति और नारी शक्ति के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश को आधुनिक तकनीक के सहारे विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य सभी को साथ लेकर विकास करना और रोजगार व निवेश के नए अवसर पैदा करना है।