Weather Alert: यूपी में सुबह-सुबह तेज़ बारिश, अगले 48 घंटों तक रहे सतर्क, जानिए देशभर के मौसम का हाल

Preeti Nahar | May 04, 2026, 09:55 IST
Share
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार सुबह तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को चौंका दिया। राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक अलर्ट जारी किया है।
देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट<br>
देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मई की शुरुआत में पड़ रही तेज गर्मी के बीच सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी लखनऊ समेत सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, रायबरेली, कानपुर, बरेली और आसपास के इलाकों में सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर लोगों की नींद गरज-चमक और तेज बारिश की आवाज से खुली। लखनऊ में सुबह से बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने सुबह की बारिश और बिजली चमकने के वीडियो शेयर किए।

मुख्यमंत्री की अपील

खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आंधी, तेज हवाओं और बारिश के दौरान बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही किसानों से अपनी फसलों और पशुधन को सुरक्षित रखने की अपील भी की गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 4 और 5 मई को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए थंडरस्टॉर्म, बिजली गिरने, तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ जगहों पर यह 60 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है।

स्थानीय लोगों के लिए सलाह

सीएम योगी ने अभिभावकों से भी कहा है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को घर के अंदर ही रखें। वहीं प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलाधिकारियों, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने को कहा गया है, जबकि राहत और बचाव टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन इसमें जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है।

पहाड़ों के लिए IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

वहीं उत्तराखंड में भी मौसम खराब बना हुआ है। हरिद्वार, रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटों तक लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें। हालांकि इस बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्र में भारी बारिश का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और आसपास के जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या मंडल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में कितनी हुई बारिश?

पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश में औसतन 1.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसमें पूर्वी यूपी में 2.9 मिमी और पश्चिमी यूपी में 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों तक बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है।

तापमान में आएगी गिरावट

लगातार बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

किसानों और लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि कटाई के बाद खेतों में रखी गेहूं की फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखें। बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन अगले 48 घंटे मौसम चुनौतीपूर्ण बना रह सकता है।
Tags:
  • Uttar Pradesh Weather
  • यूपी मौसम
  • Heavy Rain UP
  • भारी बारिश उत्तर प्रदेश
  • Thunderstorm Alert
  • UP Rain Alert
  • Heavy Rain and Storm Alert in UP
  • IMD issues Orange Alert in UP