यूपी में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से 2 दिनों में 24 लोगोंं की मौत, फसलें तबाह, CM योगी ने 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश दिए

Gaon Connection | May 01, 2026, 11:40 IST
Share
उत्तर प्रदेश में अचानक मौसम ने तबाही मचाई है। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से बीते दो दिनों में 24 लोगों की जान गई है। कई लोग घायल हुए हैं और पशुओं की भी हानि हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल राहत और मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है।
यूपी में मौसम का कहर
यूपी में मौसम का कहर
उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने तबाही मचा दी है। आंधी, तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने बीते दो दिनों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस आपदा से 2 दिनों में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल राहत और मुआवजा देने के निर्देश जारी किए हैं।

दो दिनों में 24 मौतें, कई घायल और पशु हानि

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खराब मौसम के कारण 24 लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 16 पशुओं की भी मौत की खबर है। अचानक आई इस आपदा से कई क्षेत्रों में नुकसान की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

CM योगी का सख्त निर्देश, 24 घंटे में मुआवजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जनहानि, पशुहानि और अन्य नुकसान के मामलों में 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ओलावृष्टि से किसानों की फसल को भारी नुकसान

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। सरकार ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि प्रभावित किसानों का जल्द आकलन कर उन्हें राहत पहुंचाई जाए।

अलर्ट मोड में प्रशासन

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि आपदा से प्रभावित लोगों और किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। जहां एक ओर बारिश से गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर इसने किसानों और आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
Tags:
  • UP weather news 2026
  • storm rain deaths Uttar Pradesh
  • hailstorm crop damage India
  • Yogi Adityanath compensation order
  • UP disaster relief update
  • lightning deaths India UP
  • farmer crop loss rain UP
  • extreme weather India news
  • Uttar Pradesh rainfall impact
  • emergency response UP