यूपी सरकार 12 जुलाई को मनाएगी ‘हरियाली का उत्सव’, पूरे प्रदेश में एक दिन में लगाए जाएंगे 35 करोड़ पौधे

Gaon Connection | Jul 07, 2026, 16:53 IST
Share

उत्तर प्रदेश सरकार 12 जुलाई को ‘हरियाली का उत्सव’ के तहत जनसहभागिता से 35 करोड़ पौधे लगाएगी। अभियान में सभी विभाग, जनप्रतिनिधि, स्कूल-कॉलेज और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। गंगा एक्सप्रेसवे किनारे 5.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और संरक्षण के लिए विभागवार तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

योगी सरकार मनाएगी ‘हरियाली का उत्सव’
योगी सरकार मनाएगी ‘हरियाली का उत्सव’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार 12 जुलाई को प्रदेशभर में ‘हरियाली का उत्सव’ मनाने जा रही है। इस अवसर पर जनसहभागिता के साथ एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महाअभियान में केंद्र और प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य व्यापक वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि और जन-जन को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है।

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों को लेकर वन मुख्यालय स्थित पारिजात सभागार में वन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और पौधरोपण के साथ उनकी सुरक्षा, सिंचाई तथा दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया। सरकार का लक्ष्य इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देना है, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम से जुड़ सकें।

वन विभाग लगाएगा सर्वाधिक पौधे, गंगा एक्सप्रेसवे किनारे भी होगा विशेष पौधरोपण

वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि 12 जुलाई को सभी विभागों के सहयोग से प्रदेशभर में पौधरोपण महाअभियान चलाया जाएगा। इसके तहत नोडल वन विभाग सर्वाधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा। वहीं ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़ तथा पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ पौधों का रोपण करेगा। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे भी 5.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष समरस वन, समृद्धि वन, कृषि वन, ऊर्जा वन और कपि वन सहित कई नए प्रकार के वन विकसित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत मिशन छाया, अविरल धारा पौधरोपण, सहजन भंडारा और आम भंडारा जैसे विशेष कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। मिशन छाया के तहत गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर छायादार पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 15 अगस्त को ‘वंदे मातरम् वाटिका’, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर ‘भाई-बहन पौधरोपण’ तथा 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान भी संचालित किया जाएगा। वन मंत्री ने बताया कि प्रदेश की लगभग दो हज़ार नर्सरियों में 57.62 करोड़ से अधिक पौधे तैयार हैं, जिनका वितरण अब विभिन्न विभागों और अभियान से जुड़े लोगों को किया जाएगा।

मंत्रियों ने दिए विभागवार निर्देश, पौधों की सुरक्षा और कृषि वानिकी पर रहेगा विशेष ज़ोर

समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने निर्देश दिए कि सभी विभागों को समय पर स्वस्थ पौधों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक विभाग अपनी रणनीति के अनुरूप पौधरोपण कर सके। उन्होंने कृषि विश्वविद्यालयों सहित अन्य संस्थानों में बड़े स्तर पर पौधरोपण के साथ सिंचाई और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने पर बल दिया। साथ ही एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे की पटरियों पर लगाए जाने वाले पौधों की नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने तथा कृषि वानिकी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मिलिया डुबिया और पॉपलर जैसी प्रजातियों के वितरण के निर्देश दिए।

पशुधन मंत्री डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि गोआश्रय स्थलों पर विकसित किए जा रहे गोपाल वन में गोवंश के लिए छायादार एवं चारा प्रजातियों के पौधे लगाए जाएँ और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने छात्र-छात्राओं से पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव विकसित करते हुए अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने खाली पड़ी सामान्य एवं बंजर भूमि पर पौधरोपण कर उसे हरित बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने पर ज़ोर दिया। उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने फलदार पौधों के रोपण को प्राथमिकता देने और पौधशालाओं में उपलब्ध पौधों को अभियान के लिए उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ अधिकारियों को पौधों की सुरक्षा एवं सिंचाई की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
Tags:
  • Yogi Adityanath
  • Harit Utsav
  • Plantation Drive
  • Uttar Pradesh
  • Tree Plantation
  • Forest Department
  • Ganga Expressway
  • Afforestation
  • Environment
  • Green Campaign